बिहार में कुत्ते के नाम पर बना निवास प्रमाण-पत्र, तेजस्वी यादव बोले- अब डॉग बाबू ने भी…

बिहार में कुत्ते के नाम पर बना निवास प्रमाण-पत्र, तेजस्वी यादव बोले- अब डॉग बाबू ने भी…

पटना जिले के मसौढ़ी अंचल में ‘डॉग बाबू’ के नाम से निवास प्रमाण-पत्र जारी होने का मामला तूल पकड़ गया है। इस अजीबोगरीब घटना को लेकर बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सरकार पर करारा तंज कसा। उन्होंने कहा कि इस घटना से अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रदेश में सरकार कैसे काम कर रही है। तेजस्वी सोमवार (28 जुलाई, 2025) को अररिया में पत्रकारों से बात कर रहे थे।

“डॉग बाबू ने भी कुछ दिया होगा” – तेजस्वी का कटाक्ष

तेजस्वी यादव ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इससे साफ है कि यह काम कितना ‘गहन’ तरीके से हुआ है। भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में बिना पैसे के कोई कागज नहीं बनता, ‘डॉग बाबू’ ने भी कुछ दिया होगा, तभी यह प्रमाण-पत्र बना होगा।

अपराध और भ्रष्टाचार पर डबल हमला

तेजस्वी यादव ने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में अपराधी ‘विजय’ और ‘सम्राट’ हो चुके हैं। लॉ एंड ऑर्डर अब ‘क्रिमिनल डिसऑर्डर’ बन गया है। मुख्यमंत्री अचेत अवस्था में हैं और राज्य में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस में सामूहिक दुष्कर्म, अस्पताल में और दुकान में घुसकर गोलीबारी जैसी घटनाएं हो रही हैं। तेजस्वी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में एक इंजन भ्रष्टाचार और दूसरा इंजन अपराध में लगा हुआ है।

71 हजार करोड़ के घोटाले का आरोप

सीएजी रिपोर्ट का हवाला देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि मौजूदा सरकार ने 71 हजार करोड़ रुपये का घोटाला किया है। यह कोई छोटी रकम नहीं है और इसका अब तक कोई हिसाब नहीं दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री और दोनों उप मुख्यमंत्री मौन हैं, जबकि यह जनता के पैसों से जुड़ा मामला है।

उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर फर्जीवाड़े का आरोप

तेजस्वी यादव ने उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर जन्म प्रमाण-पत्र में धांधली का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2005 में वे 26 साल के थे, 2010 में 28 और 2020 में अचानक 51 साल के हो गए। तंज कसते हुए तेजस्वी बोले कि ऐसा इंसान जिंदगी में पहली बार देखा जो अपनी उम्र घटाता और बढ़ाता भी है। उन्होंने शैक्षणिक प्रमाण-पत्र को लेकर भी सम्राट चौधरी पर सवाल उठाए और कहा कि ऐसे लोग ही दूसरों को गाली देने का काम करते हैं। तेजस्वी ने मांग की कि उप मुख्यमंत्री जनता से माफी मांगें।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews