RJD नेता के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए अपराधी

RJD नेता के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए अपराधी

बिहार के समस्तीपुर जिले में अपराधियों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के भदैया पंचायत के रमैया गांव में राजद के पूर्व जिला अध्यक्ष अमरेश राय के घर पर देर रात अपराधियों ने धावा बोल दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें अपराधियों को खुलेआम फायरिंग करते देखा जा सकता है। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।


10-12 अपराधियों ने चढ़कर की फायरिंग

जानकारी के मुताबिक, रात में करीब 10 से 12 अज्ञात अपराधी हथियारों के साथ अमरेश राय के घर पहुंचे और जमकर गोलियां चलाईं। सीसीटीवी वीडियो में अपराधियों का तांडव साफ नजर आता है। घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गई और लोग अपने घरों में दुबक गए। पुलिस को सूचना मिलते ही मोहिउद्दीन नगर थाना की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।


अमरेश राय बोले– “हमले की मंशा हत्या थी”

राजद के पूर्व जिला अध्यक्ष अमरेश राय ने आरोप लगाया कि अपराधियों की संख्या 20 से 25 थी और सभी लोग उन्हें मारने के इरादे से आए थे। उन्होंने कहा कि उनमें से आधे अपराधी गांव के ही हैं और कई बार जेल भी जा चुके हैं। अमरेश राय ने कहा, “1988 में मेरे पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी और अब मुझे भी निशाना बनाने की कोशिश की गई। अपराधियों ने मेरी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया है।”


इलाके में फैली दहशत, पुलिस कर रही जांच

फायरिंग की इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में हथियारबंद अपराधियों का गांव में घुस आना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अपराधियों की पहचान में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे खुलेआम नेताओं और आम जनता को निशाना बना रहे हैं।


पहले भी राजद नेताओं पर हो चुके हमले

यह कोई पहली घटना नहीं है जब राजद नेताओं को अपराधियों ने निशाना बनाया हो। इससे पहले जून महीने में बक्सर जिले में राजद नेता ददन आजाद पर भी हमला हुआ था। डुमरांव अनुमंडल के बगेन गोला थाना क्षेत्र के भदवर गांव के पास अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी थी। गोली उनकी कमर में लगी थी और वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस घटना के बाद भी स्थानीय लोगों ने अपराधियों की बढ़ती गतिविधियों पर सवाल उठाए थे।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews