बिहार के सासाराम में रविवार से कांग्रेस नेता राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा होने जा रही है। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने इस यात्रा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बिहार में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) कोई मुद्दा नहीं है। उनका कहना था कि ये लोग कहां घूमने जा रहे हैं, इस यात्रा का जनता पर कोई असर नहीं होगा।
एसआईआर को बताया पारदर्शी
संजय झा ने कहा, “जब बिहार के लोगों में यह मुद्दा नहीं है, तो यह लोग क्यों घूम रहे हैं। कहीं खटिया लगा लेंगे, कहीं टेंट में बैठ जाएंगे। एसआईआर में जो फर्जी वोटर हैं, उन्हें निकाला जा रहा है। यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रही है।” उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान हर तरह की कहानी सामने आएगी, लेकिन जनता को इससे कोई फर्क़ नहीं पड़ता।
ये भी पढ़ें
महंगाई और विकास पर जोर
संजय झा ने पीएम मोदी के जीएसटी सुधारों का जिक्र करते हुए कहा कि इससे रोजमर्रा की चीजों की कीमतें कम होंगी, जिससे लोगों को फायदा होगा। महंगाई में कमी आएगी और व्यवसायियों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए चुनाव लड़ने जा रहा है और पार्टी अपने पिछले 20 वर्षों के कार्यों और ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर जनता के बीच जाएगी।
नीतीश के कार्यों की तारीफ
संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार को जो लोग अब तक वोट नहीं देते थे, उन्हें अब उनके विकास कार्यों के लिए अफसोस होगा। उन्होंने बताया कि एनडीए के सभी घटक दल मिलकर चुनाव में जाएंगे और फिर से सरकार बनाने का लक्ष्य हासिल करेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार की जनता नीतीश कुमार और एनडीए के कामकाज को अच्छी तरह जानती है और उन्हें इसकी सराहना करती है।
सिंधु समझौते पर टिप्पणी
संजय झा ने सिंधु नदी जल समझौते को लेकर भी आलोचना की और इसे एकतरफा बताया। उन्होंने कहा कि उस समय की सरकार ने देश के साथ नाइंसाफी की थी। समझौते के तहत भारत का पानी पाकिस्तान को दे दिया गया, जबकि पाकिस्तान से कोई दोस्ती नहीं थी। उनका कहना था कि ऐसे समझौते से देश को कोई फायदा नहीं मिला।