बक्सर में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में एसबीएसपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कांग्रेस और आरजेडी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ही लालू यादव को चारा घोटाले में जेल भेजा था और उस समय लालू-तेजस्वी कांग्रेस को कोसते नहीं थकते थे। अब वही तेजस्वी राहुल गांधी के रथ पर बैठकर कांग्रेस का गुणगान कर रहे हैं।
‘कांग्रेस ने लालू यादव को जेल भेजा’
राजभर ने कहा, “कांग्रेस ने देश पर 60 साल राज किया लेकिन गरीबी, अशिक्षा और बेरोजगारी को बढ़ाने का काम किया। यही कांग्रेस लालू यादव को चारा घोटाले में जेल भेजने वाली थी और आज वही कांग्रेस महागठबंधन में उनका साथी बनी हुई है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पिछड़े और दलित समाज के नाम पर केवल वोट बैंक की राजनीति की है।
बिहार में शिक्षा और रोजगार पर सवाल
ओपी राजभर ने कहा कि अगर बिहार में लंबे समय तक सत्ता में रहे दलों ने शिक्षा और रोजगार पर ध्यान दिया होता तो आज यहां के बच्चों को नौकरी के लिए यूपी या अन्य राज्यों का रुख नहीं करना पड़ता।
उन्होंने कहा कि बिहार में रोजगार के अभाव के कारण बड़े पैमाने पर पलायन हुआ और बाहरी राज्यों के लोग यहां की नौकरियां ले रहे हैं। इसके लिए कांग्रेस और आरजेडी दोनों जिम्मेदार हैं।
आरजेडी पर सीधा निशाना
राजभर ने साफ शब्दों में कहा कि आरजेडी ने अपने शासनकाल में कभी बेरोजगारी, अशिक्षा और कानून-व्यवस्था पर काम नहीं किया। नतीजा यह हुआ कि बिहार के युवा बड़े पैमाने पर दूसरे राज्यों में पलायन कर गए। उन्होंने कहा कि यूपी में शिक्षा और रोजगार पर ज्यादा फोकस हुआ, इसलिए वहां के लोग बिहार में भी नौकरियां ले रहे हैं।
विपक्ष पर ‘वोट चोरी’ का आरोप
राजभर ने विपक्ष पर पहले किए गए आरोप को दोहराते हुए कहा कि राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली में हारने के बाद विपक्ष अब बिहार में भी हारने के बहाने ढूंढ रहा है। उन्होंने कहा,
“ये लोग पहले से हार मान चुके हैं और अब माहौल बना रहे हैं कि चुनाव नतीजे आने के बाद क्या बहाना पेश करेंगे।”





