बेगूसराय में गरमाई सियासत: तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार को घेरा, गिरिराज सिंह ने किया करारा पलटवार

बेगूसराय में गरमाई सियासत: तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार को घेरा, गिरिराज सिंह ने किया करारा पलटवार

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सभी दलों ने तैयारी तेज कर दी है. इसी कड़ी में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपनी बिहार अधिकार यात्रा निकाल रहे हैं. बुधवार (17 सितंबर) को उनकी यात्रा बेगूसराय पहुंची, जहां समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया. कंकौल में जनसभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने एनडीए सरकार पर सीधा हमला बोला. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार ने बिहार को जकड़ रखा है और बिना घूस के कोई काम नहीं होता. बेरोजगारी चरम पर है, जिससे जनता परेशान है. उन्होंने लोगों से सत्ता परिवर्तन की अपील की.

तेजस्वी के हमले पर गिरिराज सिंह का पलटवार

तेजस्वी यादव के तीखे हमलों का जवाब केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह ने दिया. अपनी चिर-परिचित शैली में उन्होंने कहा कि यह सिर्फ “थेथर राजनीति” है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “पतित में भी महापति होता है और थेथर में महाथेथर होता है”. गिरिराज ने दावा किया कि तेजस्वी की यह यात्रा जनता के लिए नहीं बल्कि कांग्रेस और आरजेडी के बीच ताकत दिखाने की कवायद है. उन्होंने कहा कि इस यात्रा से बिहार की जनता का कोई भला नहीं होने वाला है.

महागठबंधन पर सवाल और राहुल-तेजस्वी की तालमेल की कमी

गिरिराज सिंह ने महागठबंधन को भी आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि इस यात्रा में कांग्रेस और आरजेडी का असली मकसद सामने आ गया है. दोनों दलों के बीच तालमेल की कमी साफ दिख रही है. गिरिराज ने कहा कि राहुल गांधी ने अभी तक तेजस्वी यादव को पूरी तरह स्वीकार नहीं किया है और यही कारण है कि यह यात्रा केवल ताकत साबित करने का मंच बनकर रह गई है. उन्होंने इसे जनता को गुमराह करने की कोशिश बताया और कहा कि बिहार के लोग इस राजनीति को समझते हैं.

तेजस्वी की यात्रा का अगला पड़ाव और मुद्दे

गौरतलब है कि तेजस्वी यादव ने अपनी यात्रा की शुरुआत 16 सितंबर को जहानाबाद से की थी, जो 20 सितंबर को वैशाली में समाप्त होगी. इस दौरान यात्रा पटना, नालंदा, खगड़िया, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल और समस्तीपुर से भी गुजरेगी. जनसभाओं में वे बेरोजगारी, अपराध, पलायन, किसानों की समस्याओं और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को उठा रहे हैं. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह यात्रा कांग्रेस की वोटर अधिकार यात्रा की काट है. लेकिन राहुल गांधी द्वारा तेजस्वी को सीएम उम्मीदवार घोषित न किए जाने से महागठबंधन में मतभेद की तस्वीर और साफ हो गई है.

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews