Hindi News

चिराग पासवान की शादी पर तेजस्वी यादव ने दिया मजेदार रिएक्शन, फिर राहुल गांधी ने क्यों कही ये बात?

Written by:Deepak Kumar
Published:
चिराग पासवान की शादी पर तेजस्वी यादव ने दिया मजेदार रिएक्शन, फिर राहुल गांधी ने क्यों कही ये बात?

बिहार में चल रही राहुल-तेजस्वी की वोटर अधिकार यात्रा रविवार को अररिया पहुंच गई। इस दौरान कांग्रेस के नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी तथा आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत की। यात्रा का मकसद मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और मतदाता सूची में सुधार की प्रक्रिया को लोगों तक समझाना है। अररिया में दोनों नेताओं ने राजनीतिक घटनाओं, आगामी चुनाव और मतदाता सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय साझा की।

तेजस्वी यादव ने चिराग पासवान पर किया मजेदार बयान

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को लेकर कहा, “वे एक व्यक्ति विशेष के हनुमान हैं, जबकि हम जनता के हनुमान हैं।” उन्होंने आगे कहा कि, “चिराग पासवान आज कोई मुद्दा नहीं हैं। उन्हें सलाह जरूर दूंगा, वह हमारे बड़े भाई हैं और उन्हें जल्द से जल्द शादी करनी चाहिए।” इस पर राहुल गांधी ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, “यह बात मुझ पर भी लागू होती है।” यह सुनकर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े।

एसआईआर प्रक्रिया पर तेजस्वी यादव की चिंता

तेजस्वी यादव ने बिहार में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पर भी अपनी राय दी। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया अभी भी कठिन और जटिल है। “वोट जोड़ना हो या शिकायत करके हटाना हो, इसमें स्पष्टता नहीं है। चुनाव आयोग भाजपा के साथ है। भाजपा वाले चुनाव आयोग के कमिश्नर को बचाने के लिए संसद में कानून लेकर आए ताकि उन पर कोई कार्रवाई न हो। जनता अब इसे समझ चुकी है और ऐसे लोगों को नहीं छोड़ेगी।”

राहुल गांधी ने सभी दलों की साझेदारी पर जोर

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि सभी दल एकजुट होकर काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया, “हमारे बीच बहुत अच्छी साझेदारी बनी है। कोई तनाव नहीं है। आपसी सम्मान है। वैचारिक रूप से हम एकजुट हैं और राजनीतिक रूप से भी। अगर हम सभी साथ रहें, तो अच्छे परिणाम आएंगे। लेकिन वोट चोरी को रोकना जरूरी है।”

मतदाता अधिकार यात्रा का उद्देश्य

इस वोटर अधिकार यात्रा का मुख्य उद्देश्य जनता को उनके मतदाता अधिकारों के प्रति जागरूक करना और मतदाता सूची में मौजूद गलतियों को सुधारने के लिए उन्हें मार्गदर्शन देना है। राहुल-तेजस्वी यात्रा के जरिए विभिन्न जिलों में मतदाताओं से सीधे संवाद कर रहे हैं। यात्रा में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और स्थानीय कार्यकर्ता भी सक्रिय रूप से शामिल हैं।

Deepak Kumar
लेखक के बारे में
तेज ब्रेकिंग के साथ सटीक विश्लेषण और असरदार लेखन में माहिर हैं। देश-दुनिया की हलचल पर नजर रखते हैं और उसे सरल व असरदार तरीके से लिखना पसंद करते हैं। तीन सालों से खबरों की दुनिया से जुड़े हैं। View all posts by Deepak Kumar
Follow Us :GoogleNews