Voter Adhikar Yatra: तेजस्वी यादव बोले, “यहां खैनी के साथ चूना रगड़ दिया जाता है”, बिहार में बेईमानी बर्दाश्त नहीं होगी

Voter Adhikar Yatra: तेजस्वी यादव बोले, “यहां खैनी के साथ चूना रगड़ दिया जाता है”, बिहार में बेईमानी बर्दाश्त नहीं होगी

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और चुनाव आयोग पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की जननी बिहार से लोकतंत्र खत्म नहीं होने दिया जाएगा। यह बयान उन्होंने ‘इंडिया’ गठबंधन की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की शुरुआत के मौके पर आयोजित सभा में दिया।

वोट की चोरी नहीं, डकैती

तेजस्वी यादव ने कहा, “वोट की चोरी नहीं, बल्कि डकैती की जा रही है। बाबासाहेब आंबेडकर ने संविधान में वोट का अधिकार देकर सभी लोगों को ताकत दी, लेकिन भाजपा के लोग चुनाव आयोग को आगे करके वोट का अधिकार छीन रहे हैं। आपके वोट की चोरी नहीं, डकैती की जा रही है।” उन्होंने आगे कहा, “बिहार की धरती लोकतंत्र की जननी है। लोकतंत्र की जननी से लोकतंत्र को खत्म नहीं होने देंगे। चुनाव आयोग और प्रधानमंत्री मोदी बिहार को चूना लगाने की कोशिश कर रहे हैं। मोदी जी, यह बिहार है, यहां खैनी के साथ चूना रगड़ दिया जाता है। बिहार में हम बेईमानी नहीं होने देंगे।”

नकलची सरकार और विकास का दावा

राजद नेता ने आरोप लगाया कि बिहार में वर्तमान सरकार ‘नकलची’ है और उनके वादों की नकल करती है। उन्होंने कहा, “हमें मौका मिला तो हम बिहार में विकास करने वाली सरकार देंगे।” तेजस्वी ने जनता से अपील की कि वे अपनी शक्ति को समझें और लोकतंत्र को सुरक्षित रखें।

वोटर अधिकार यात्रा और रैली

लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में निकाली जा रही वोटर अधिकार यात्रा में कथित ‘वोट चोरी’ और बिहार में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसएआईआर) के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा। राहुल गांधी ने बताया कि यह यात्रा 16 दिनों में 20 जिलों में लगभग 1,300 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews