बिहार तालिबान पर मचा सियासी घमासान, मांझी बोले- तेजस्वी का बयान शर्मनाक!

तेजस्वी यादव ने बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर बीजेपी पर हमला बोलते हुए राज्य को 'तालिबान' बताया। इस पर जीतन राम मांझी ने पलटवार करते हुए कहा कि तेजस्वी खुद ऐसे माहौल में पले हैं और जनता को भ्रमित कर रहे हैं।
बिहार तालिबान पर मचा सियासी घमासान, मांझी बोले- तेजस्वी का बयान शर्मनाक!

बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शनिवार को बढ़ते अपराध को लेकर एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अपने एक्स (Twitter) अकाउंट पर लिखा कि “बीजेपी ने बिहार को तालिबान बना दिया है।” उन्होंने एक के बाद एक घटनाओं को गिनवाया। गया में डॉक्टर को गोली मारी गई, पटना में दो गुटों में खुलेआम फायरिंग हुई, वहीं एक महिला को भी गोली मारी गई और रोहतास में एक व्यवसायी की हत्या कर दी गई। तेजस्वी ने लिखा, “भाजपाई सरकार पूरी तरह बेबस है। अपराधी बेधड़क घूम रहे हैं।”

मांझी का पलटवार: “तेजस्वी को भ्रम फैलाने की आदत”

तेजस्वी यादव के इस बयान पर रविवार को केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के नेता जीतन राम मांझी ने कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा, “तेजस्वी यादव इसी माहौल में पले-बढ़े हैं, इसलिए उन्हें सिर्फ अपराध और अराजकता दिखती है। वे जानबूझकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। लेकिन बिहार की जनता अब इतनी भी भोली नहीं कि ऐसे झांसे में आ जाए।” मांझी ने यह भी कहा कि बिहार में जो भी घटनाएं हो रही हैं, उन पर तुरंत कार्रवाई हो रही है। उन्होंने दावा किया कि चुनावी मौसम के कारण अपराध को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। “NDA की सरकार एक बार फिर आएगी,” उन्होंने कहा।

बढ़ते अपराध को बना रहे बड़ा चुनावी मुद्दा

बिहार में इन दिनों अपराध के मामले बढ़ने की खबरें सुर्खियों में हैं। तेजस्वी यादव इसे बड़ा चुनावी मुद्दा बना चुके हैं। वे हर रैली और बयान में एनडीए सरकार की नाकामी को लेकर हमलावर हो रहे हैं। वहीं सरकार लगातार बचाव की मुद्रा में है। NDA नेता कहते हैं कि तेजस्वी के पास अब कोई नया मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह अपराध को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं। साथ ही सरकार का यह भी दावा है कि राजद के शासनकाल में हालात इससे भी बदतर थे।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews