बांकीपुर सीट से नामांकन भरते ही गिरफ्तार हुईं वीणा मानवी, भड़के तेज प्रताप यादव

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव नामांकन के अंतिम दिन जनशक्ति जनता दल की प्रत्याशी वीणा मानवी अपना नामांकन दाखिल करने के लिए पहुंची। प्रक्रिया पूरी करने के बाद वह जैसे ही बाहर आईं पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
Veena Manvi

बिहार में तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल की बांकीपुर विधानसभा प्रत्याशी वीणा मानवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 13 जुलाई यानी आज उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। उनके नामांकन के तुरंत बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में पार्टी प्रमुख तेज प्रताप यादव की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने अपनी पार्टी की प्रत्याशी को नामांकन के दिन गिरफ्तार करने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का तरीका बताया।

क्या बोले तेज प्रताप यादव

वीणा मानवी की गिरफ्तारी के बाद तेज प्रताप यादव नाराज नजर आए। उन्होंने कहा कि ‘हमारी पार्टी की प्रत्याशी वीणा मानवी जी के विरुद्ध नामांकन के दिन की गई कार्रवाई पर हमें आपत्ति है। उन्हें झूठे मामले में फंसाने और चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की गई है।’ तेज प्रताप ने आगे कहा कि ‘अगर ऐसा हुआ है तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बहुत चिंताजनक बात है। मैं तेज प्रताप यादव, राष्ट्रीय अध्यक्ष जनशक्ति जनता दल वीणा मानवी जी के साथ पूरी मजबूती से खड़ा हूं। हमें अपनी न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है और जरूरत पर हम अपने अधिकारों की रक्षा के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। बांकीपुर विधानसभा की जनता न्याय और सत्य के साथ खड़ी है और हमें विश्वास है कि जीत सच्चाई की ही होगी।’

जबरदस्ती फंसाने का आरोप

तेज प्रताप यादव ने यह बयान वीडियो के जरिए जारी किया है क्योंकि फिलहाल वह दिल्ली में हैं। उन्होंने कहा कि ‘हम दिल्ली में हैं हम जल्दी बिहार आ रहे हैं। हम बिहार आएंगे तो सरकार का घेराव करेंगे। बांकीपुर की जनता सब कुछ देख रही है कि किस तरह से एक महिला के साथ अन्याय हो रहा है। आगे उन्होंने कहा कि जब महिला के साथ अन्याय होता है तो कृष्ण का सुदर्शन चलता है। अब बिहार आने के बाद मेरा सुदर्शन चक्र चलेगा। वीणा मानवी का दबदबा है और वह जीत रही है इसलिए जानबूझकर उन्हें फंसाया जा रहा है।’ यादव ने कहा कि ‘वह तीन दिन से पूरा क्षेत्र में घूम रही थी तो पुलिस क्यों नहीं आई? यह बड़ी साजिश है और किसकी है यह भी हम अच्छी तरह से जानते हैं। पटना आते ही फेस कॉन्फ्रेंस का इसका पर्दाफाश करेंगे।’

Video Credit: IANS

क्यों किया गया गिरफ्तार

नामांकन के आखिरी दिन हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। वीणा मानवी के खिलाफ धारा 420 के तहत धोखाधड़ी और एक अन्य मामले के तहत न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। इसी वारंट के आधार पर पुलिस वीणा को गिरफ्तार करने के लिए पहुंची। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही वीणा ने वहां से निकलने की कोशिश की लेकिन कुछ देर मशक्कत करने के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। इस गिरफ्तारी को लेकर वीणा का कहना है कि यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की जा रही है। गिरफ्तारी के समय उनका कहना था कि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है। हार के डर से भाजपा यह सब करवा रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए वारंट के आधार पर गिरफ्तारी की गई है। गिरफ्तारी के बाद कानूनी प्रक्रिया के लिए उन्हें संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews