अब 08 घंटे पहले तैयार होगा पहला चार्ट, रेलवे आरक्षण प्रक्रिया में हुआ खास बदलाव

भोपाल मंडल में यह नई व्यवस्था 15/16 जुलाई 2025 की मध्य रात्रि से लागू होगी
अब 08 घंटे पहले तैयार होगा पहला चार्ट, रेलवे आरक्षण प्रक्रिया में हुआ महत्त्वपूर्ण परिवर्तन

यात्री सुविधा और पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए रेलवे बोर्ड द्वारा आरक्षण चार्ट तैयार करने की प्रक्रिया में बड़े बदलाव लागू किए गए हैं। भोपाल मंडल में यह नई व्यवस्था 15/16 जुलाई 2025 की मध्य रात्रि से लागू होगी, जिसके तहत ट्रेनों का प्रथम आरक्षण चार्ट अब उनके प्रस्थान समय से 08 घंटे पूर्व तैयार किया जाएगा। तदनुसार इमरजेंसी कोटे के आवेदन एक दिन पूर्व स्वीकार किये जायेंगे।

पहले 04 घंटे पूर्व तैयार की जाती थी 

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि पूर्व में यह चार्टिंग प्रक्रिया ट्रेन प्रस्थान से 04 घंटे पूर्व तैयार की जाती थी जो कि अब 08 घंटे पूर्व तैयार किया जाएगा जिससे प्रतीक्षा सूची और आरएसी यात्रियों को अपनी बर्थ की स्थिति 08 घंटे पहले मालूम चल सकेगी।

चार्टिंग की नई समय-सारणी इस प्रकार होगी 

1. जिन ट्रेनों का प्रस्थान सुबह 05:00 बजे से दोपहर 14:00 बजे के बीच है, उनका पहला चार्ट पूर्ववर्ती दिन रात्रि 21:00 बजे तक तैयार किया जाएगा।
2. जिन ट्रेनों का प्रस्थान दोपहर 14:00 बजे से रात्रि 23:59 बजे के बीच या मध्यरात्रि 00:00 बजे से सुबह 05:00 बजे के बीच है, उनका पहला चार्ट अब 08 घंटे पूर्व तैयार किया जाएगा।
3. दूसरे आरक्षण चार्ट तैयार करने के संबंध में मौजूदा प्रावधानों में कोई बदलाव नहीं होगा।
4. यह नई व्यवस्था रिमोट लोकेशन (दूरस्थ स्टेशनों) पर चार्टिंग प्रक्रिया के लिए भी अनिवार्य रूप से लागू होगी।

श्री कटारिया ने आगे बताया कि इस निर्णय का उद्देश्य यात्रा की योजना में सुधार लाना है ताकि यात्री टिकट कन्फर्मेशन की स्थिति समय रहते जान सकें, यह नवाचार यात्रियों की संतुष्टि में वृद्धि करेगा।

Sushma Bhardwaj
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews