बिट कॉइन के नाम पर लाखों की ठगी, पुलिस आरक्षक भी हुआ शिकार

बिट कॉइन के नाम पर लाखों की ठगी, पुलिस आरक्षक भी हुआ शिकार

ग्वालियर, अतुल सक्सेना। ग्वालियर पुलिस अधीक्षक कार्यालय (Gwalior SP Office) पहुंचे कुछ पीड़ितों ने एसपी से उनके साथ हुई लाखों की ठगी (Cheating) की शिकायत की है। पीड़ितों ने कहा कि बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने 10 महीने में रुपये दो गुना करने का झांसा देकर लाखों रुपये ठग (Cheating)लिए। उसकी शिकायत भी बहोड़ापुर पुलिस थाने में की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। खास बात ये है कि ठगी (Cheating) का शिकार एक पुलिसकर्मी भी हुआ है। शिकायत सुनने के बाद एसपी अमित सांघी (SP Amit Sanghi) ने बहोड़ापुर थाने में मामला दर्ज कराने के आदेश दिये हैं।

एसपी ऑफिस (SP Office) की जन सुनवाई में आज बहुत से ऐसे लोग पहुंचे जिन्होंने शिकायत दर्ज कराई कि हेमंत यादव नामक व्यक्ति ने 7 H मल्टी ट्रेड कंपनी में पैसा लगाने के लिया कहा और वादा किया कि 10 महीनों में वो पैसे दो गुने करके देगा, वो शेयर बाजार(Share Market) और अन्य जगह पैसा इंवेस्ट करता है जहाँ से फायदा होता है। एक पीड़ित महिला पूजा बाथम ने कहा कि अकेले वो ही 8 लाख रुपये लोगों के लगवा चुकी है। बहोड़ापुर पुलिस थाने भी गए लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब चक्कर लगा रहे हैं तो वो धमकियाँ दे रहा है कि मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

वहीं इस कंपनी की ठगी का शिकार 14 वीं बटालियन ग्वालियर में पदस्थ आरक्षक रवि गुर्जर भी हुआ है। आरक्षक रवि गुर्जर ने बताया कि उसे उसके दोस्त संजय भदौरिया ने हेमंत यादव से मिलवाकर कहा कि हम दोनो 7 H मल्टी ट्रेड कंपनी चलाते हैं। इसमें हम बिट कॉइन और गोल्ड में पैसा इंवेस्ट करते हैं और 10 महीने पैसा दो गुना कर आप को दे देंगे। मैंने इन्हें 10 लाख रुपये भरोसा कर उसे दे दिये । जिसमें 7 लाख रुपये लोन लेकर, 2 लाख रुपये गोल्ड रखकर और बाकी अपने पास से पैसे इकट्ठा कर दिये। अब ना तो पैसा वापस मिल रहा है ना वो बात कर रहा है। उल्टा जब मैं पैसे मांगने जाता हूँ तो मेरी झूठी शिकायत बहोड़ापुर थाने में करता है। रवि ने बताया कि हेमंत आनंद नगर में आलीशान मकान में रहता है। संजय का भी आदित्यपुरम में बड़ा मकान है। ये दोनों पहले भी अलग अलग कंपनियों में लोगों का पैसा लगवाकर ठगी कर चुके हैं।

उधर शिकायत सुनने के बाद एसपी अमित सांघी (SP Amit Sanghi) ने मामला दर्ज कराने के आदेश दिये है। सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार  ने कहा कि एसपी साहब के आदेश पर बहोड़ापुर थाने में शिकायत दर्ज करने के आदेश हुए हैं। दोषियों पर कार्रवाई जरूर की जायेगी।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews