Hindi News

जालंधर में बोले PM मोदी – बजट में शहरों के विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया, कहा – ‘सरकार ने आपके लिए दुनिया का बाजार खोल दिया’

Written by:Banshika Sharma
Published:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पंजाब के जालंधर का दौरा किया। यहां उन्होंने रविदासिया समाज के धार्मिक स्थल डेरा सचखंड बल्लां में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय बजट और यूरोपियन यूनियन (EU) ट्रेड डील से राज्य को होने वाले फायदों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने दो एयरपोर्ट का उद्घाटन भी किया।
जालंधर में बोले PM मोदी – बजट में शहरों के विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया, कहा – ‘सरकार ने आपके लिए दुनिया का बाजार खोल दिया’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पंजाब के जालंधर स्थित रविदासिया समाज के सबसे बड़े धार्मिक स्थल डेरा सचखंड बल्लां पहुंचे। यहां उन्होंने संत निरंजन दास के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और श्रद्धालुओं की एक सभा को संबोधित किया। अपने करीब 33 मिनट के भाषण में पीएम मोदी ने केंद्रीय बजट, यूरोपियन यूनियन (EU) के साथ हुई ट्रेड डील और पंजाब के विकास पर सरकार के फोकस की विस्तृत जानकारी दी।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत पंजाबी में ‘मैं पंजाब दी धरती नूं नमन करदा हां’ कहकर की। उन्होंने संत रविदास जी की जन्मभूमि काशी से अपने गहरे रिश्ते का भी जिक्र किया और रविदास जी की वाणी से तीन श्लोक भी पढ़े।

बजट से पंजाब को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

पीएम मोदी ने हाल ही में पेश हुए केंद्रीय बजट का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने सड़क, पुल, बिजली, पानी और गरीबों के लिए घर जैसे क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर काम किया है, जिसका सीधा लाभ पंजाब के लोगों को मिलेगा। उन्होंने कहा, “इस बजट में लुधियाना, जालंधर, होशियारपुर जैसे शहरों के विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि पंजाब MSME (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम) का एक बड़ा केंद्र है और इसे ध्यान में रखते हुए बजट में इस क्षेत्र के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। खेलों पर बजट के फोकस का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब पहले से ही इस क्षेत्र में अग्रणी है और ‘खेलो इंडिया’ को मिले बजट से राज्य के खिलाड़ियों और कोचों को बड़ा फायदा होगा।

फैक्ट्री मालिकों से ‘क्वालिटी प्रोडक्ट’ की अपील

प्रधानमंत्री ने पंजाब के उद्योगपतियों और फैक्ट्री मालिकों से एक खास अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार ने आपके लिए दुनिया का बाजार खोल दिया है, अब आपको बेहतरीन क्वालिटी वाले प्रोडक्ट बनाने होंगे। उन्होंने कहा, “आपको प्रोडक्ट की क्वालिटी बेहतर रखनी होगी। इससे दुनिया कहे कि ये प्रोडक्ट भारत से आए हैं। हमें क्वालिटी प्रोडक्ट तैयार करने होंगे।”

EU ट्रेड डील से पंजाब को कैसे होगा फायदा?

पीएम मोदी ने भारत और यूरोपियन यूनियन के बीच हुए व्यापार समझौते को ‘मदर ऑफ ऑल डील’ करार दिया। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक कदम से देश की अर्थव्यवस्था को नई ताकत मिलेगी और पूरी दुनिया में इसकी चर्चा हो रही है। उन्होंने समझाया कि इस डील के बाद 27 यूरोपीय देशों के साथ भारत का व्यापार बढ़ेगा, जिसका सीधा फायदा पंजाब के हुनरमंद युवाओं और उद्योगों को होगा।

पीएम ने विशेष रूप से जालंधर, लुधियाना और अमृतसर के टेक्सटाइल सेक्टर का जिक्र करते हुए कहा, “इस ट्रेड डील से पंजाब के हमारे भाईयों और बहनों को खूब फायदा होगा। पंजाब के टेक्सटाइल सेक्टर को नए और बड़े बाजार मिलेंगे। अब पंजाब के बने कपड़े और सामान यूरोप के मार्केट में बिकेगा।”

आदमपुर और लुधियाना एयरपोर्ट का उद्घाटन

इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने पंजाब को दो एयरपोर्ट की सौगात भी दी। उन्होंने आदमपुर एयरपोर्ट का नाम बदलकर ‘श्री गुरू रविदास महाराज जी एयरपोर्ट’ करने के साथ ही इसका उद्घाटन किया। इसके अलावा, उन्होंने लुधियाना के हलवारा स्थित इंटरनेशनल एयरपोर्ट का भी वर्चुअली उद्घाटन किया। पीएम ने अपने भाषण में अयोध्या के एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखने के फैसले को भी दोहराया।