
टोंक में हिजाब विवाद से सियासी हलचल तेज हो गई है। जनाना अस्पताल में इंटर्न छात्रा और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर बिंदु गुप्ता के बीच ड्यूटी के दौरान हिजाब पहनने को लेकर हुई तकरार का वीडियो वायरल होने के बाद माहौल गरमा गया है। अब इस मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। बीजेपी और मुस्लिम संगठनों ने आमने-सामने मोर्चा खोल दिया है।
बीजेपी डॉक्टर के समर्थन में
विवाद के बीच बीजेपी जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान डॉक्टर बिंदु गुप्ता के समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर साफ कहा कि अस्पताल जैसे संस्थानों में धर्म और आस्था के नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि सरकारी नियमों की सख्ती से पालना हो। चौहान ने कांग्रेस और छात्रा पर आरोप लगाया कि वे इस विवाद को हवा देकर राजनीतिक लाभ लेना चाह रहे हैं, लेकिन ऐसा होने नहीं दिया जाएगा।
वीडियो वायरल होने से बढ़ा विवाद
मामला तब तूल पकड़ गया जब इंटर्न छात्रा का खुद बनाया हुआ वीडियो सामने आया। इसमें डॉक्टर बिंदु गुप्ता उसे समझा रही हैं कि ड्यूटी के दौरान हिजाब पहनना नियमों के खिलाफ है। हालांकि, छात्रा हिजाब उतारने से साफ इनकार करती दिख रही है और हिजाब में ही ड्यूटी करने की बात कहती है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि इस विवाद को लेकर अभी तक किसी भी तरह की शिकायत दर्ज नहीं हुई है।
मुस्लिम संगठन और कांग्रेस छात्रा के समर्थन में
इस पूरे घटनाक्रम में मुस्लिम संगठन भी मैदान में उतर आए हैं। उन्होंने जनाना अस्पताल की प्रभारी से मिलकर डॉक्टर बिंदु गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संगठनों का कहना है कि इंटर्न को हिजाब पहनकर ड्यूटी करने से रोकना धार्मिक स्वतंत्रता का उल्लंघन है। वहीं, कांग्रेस पार्टी भी छात्रा के समर्थन में खड़ी हो गई है। ऐसे में यह विवाद अब धर्म और राजनीति के बीच सियासी बहस का मुद्दा बन चुका है।
