मप्र उपचुनाव 2020 : सोशल मीडिया पर हो रहे वायरल वीडियो ने बढ़ाई प्रत्याशियों की चिंता

MP UPCHUNAV

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट। विधानसभा उपचुनाव (By-election) को लेकर सियासी पारा अपने शबाब पर पहुंच चुका है। उम्मीदवारों (Candidates) और उनके समर्थकों को लोगों की नाराजगी भी झेलना पड़ रहा है। कुछ जगह पर उम्मीदवार कड़वा घूंट पीकर शांत हो जाते हैं, तो कुछ जगह पर उम्मीदवारों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच रहा है। मतदाता (Voters) और उम्मीदवारों के बीच की नोंक झोंक के वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल भी हो रहे हैं, जिस पर लोग चटखारे भी ले रहे हैं।

ब्यावरा विधानसभा (Biaora Assembly) से भाजपा प्रत्याशी नारायण सिंह पंवार (BJP Candidate Narayan singh Pawar) का एक वीडियो वायरल (Video Viral) हो रहा है, जिसमें वे चुनाव प्रचार के दौरान एक युवक के समस्या बताने पर भड़क उठे। पंवार को प्रचार के दौरान एक युवक ने उनके पिछले विधायक कार्यकाल में कोई काम नहीं करने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि यहां किसानों (Farmers) को फसल बीमा योजना (Crop Insurance Policy) का लाभ नहीं मिल पा रहा है। युवक ने जैसे ही पंवार को समस्याओं से रू-बरू करवाया, वैसे ही उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। पंवार ने कहा कि मैं यहां कोई काम नहीं करुंगा बस।

इससे पहले भांडेर विधानसभा (Bhander Assembly) से भाजपा उम्मीदवार रक्षा संतराम सरोनिया (BJP candidate Raksha Santram Saronia) को प्रचार के दौरान लोगों की नाराजगी झेलना पड़ी कि उसके घर के पास हैंडपंप नहीं है। हैंड पंप चाहिए और वह भी उसके घर के सामने ही लगना चाहिए। उधर, सुवासरा (Suvasara Assembly) में और शिवराज सरकार के मंत्री हरदीप सिंह डंग (Hardeep Singh Dung) का कई गांवों के किसान विरोध कर रहे हैं। उन्होंने मतदान (Voting) के बहिष्कार की चेतावनी भी दी है।

डबरा से दूध वाले का वीडियों वायरल
डबरा विधानसभा क्षेत्र (Dabra Assembly) के ग्राम सेकर में एक दूधवाले का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह नदी को एक बिजली के पोल से सहारे पार करता हुआ दिख रहा है। दूध वाले के साथ एक अन्य युवक जान जोखिम में डालकर पार कर रहा है। इस वीडियो में वह और उसका एक साथी दूध का कंटेनर रखकर शहर जाने के लिए नदी को पार करता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो में एक युवक समस्या को लेकर भाजपा प्रत्याशी और मंत्री इमरती देवी से कह रहा है कि पुल नहीं बनने के कारण ग्रामीणों को परेशान होना पड़ रहा है। ग्रामीण युवक ने कहा कि जब वोट मांगने का समय आता है तो नेता मंत्री बड़ी-बड़ी गाड़ियों में बैठकर यहां आ जाते हैं, लेकिन किसी भी अधिकारी और जनप्रतिनिधि ने सेकर के लिए कोई स्थाई काम नहीं किया। भाजपा प्रत्याशी इमरती देवी को लेकर ग्रामीण ग्राम में घुसने नहीं देने तक की धमकी दे रहे, क्योंकि यह दर्द ग्रामवासी आए दिन झेल रहे हैं।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews