आज भारतीय सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में मामूली गिरावट दर्ज की गई है, जिससे वैश्विक बाजारों में मंदी के बीच खरीदारों को थोड़ी राहत मिली है। 17 जून 2026 को 24 कैरेट शुद्ध सोने का भाव करीब 1,51,510 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बना हुआ है। वहीं, आभूषण बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले 22 कैरेट सोने की कीमत 1,38,500 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है। अगर 18 कैरेट सोने की बात करें तो भाव 1,13, 320 रुपये प्रति 10 ग्राम पर चल रहा है।
चांदी की औद्योगिक मांग में उतार-चढ़ाव के बीच भी नरमी देखी गई है। भारतीय सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत घटकर लगभग ₹2,49,330 से ₹2,65,000 प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना बढ़त के साथ 4,362 डॉलर प्रति औंस के पार निकल गया है, वहीं चांदी भी मजबूत होकर 70 डॉलर प्रति औंस के ऊपर कारोबार कर रही है।
सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का मुख्य कारण मिडिल ईस्ट में तनाव का कम होना, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक से पहले वैश्विक स्तर पर निवेशकों की सतर्कता और डॉलर इंडेक्स में उतार-चढ़ाव माना जा रहा है। अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की उम्मीदों से वैश्विक बाजारों में तनाव कम हुआ है, जिससे सोना-चांदी और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है। ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतें 76 डॉलर प्रति बैरल और अमेरिकी क्रूड (WTI) की कीमत 75 डॉलर पर आ गई है। इससे तेल आपूर्ति का भी संकट टल गया है।
फिलहाल डॉलर इंडेक्स (DXY) कमजोर होकर 99.50 के स्तर के पास आ गया है। भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.36 के स्तर के आसपास बना हुआ है। बाजार विशेषज्ञों की मानें तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे भू-राजनीतिक तनाव में कमी आने और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतिगत बैठक को लेकर निवेशक काफी सतर्क हैं। फिलहाल निवेशक ब्याज दरों को लेकर आने वाले फैसले का इंतजार कर रहे हैं। पश्चिम एशिया के भू-राजनीतिक घटनाक्रम और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसले सोने-चांदी की अगली दिशा तय कर सकते हैं।
ध्यान रहे कि ऊपर दिए गए सोने-चांदी के भावों में राज्यों के जीएसटी (GST) मेकिंग चार्ज और स्थानीय राज्य कर शामिल नहीं हैं, इसलिए राज्यवार खुदरा दुकान पर अंतिम रेट अलग हो सकते हैं। स्थानीय टैक्स, परिवहन लागत और ज्वेलर्स के मेकिंग चार्ज के कारण अलग-अलग शहरों में कीमतों में मामूली अंतर देखने को मिल सकता है। यह लेख केवल जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है इसे निवेश की सलाह ना मानें। हम किसी भी कंटेंट की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी या ज़िम्मेदारी नहीं लेते हैं। बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार या बाजार विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें।






