हफ्ते के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में सुनामी देखने को मिली है। 23 मार्च को बाजार खुलते ही चौतरफा बिकवाली हावी हो गई, जिससे प्रमुख सूचकांक बुरी तरह लुढ़क गए। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 1,400 अंकों की भारी गिरावट के साथ 73,100 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी 450 अंक टूटकर 22,700 के स्तर पर आ गया है।
बाजार में आई इस बड़ी गिरावट से निवेशकों में घबराहट का माहौल है। गिरावट का आलम यह है कि सेंसेक्स के सभी 30 शेयरों में लाल निशान पर कारोबार हो रहा है। बैंकिंग, ऑटो, FMCG और IT जैसे प्रमुख सेक्टरों के शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली का दबाव है।
गिरावट के पीछे वैश्विक और घरेलू कारण
बाजार के विश्लेषकों के अनुसार, इस भारी गिरावट के पीछे कई अंतरराष्ट्रीय और घरेलू कारक जिम्मेदार हैं। खाड़ी देशों में ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में आग लगी हुई है। ब्रेंट क्रूड 1% से ज्यादा बढ़कर 108 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है, जिससे भारत की अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक असर पड़ने की आशंका है।
इसके अलावा, अमेरिकी और एशियाई बाजारों से मिले कमजोर संकेतों ने भी बाजार का मूड खराब किया।
- एशियाई बाजार: जापान का निक्केई 3.35% और हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग 3.37% टूटा है। चीन का शंघाई कंपोजिट भी 2.29% नीचे है। हालांकि, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 5.62% की बढ़त पर है।
- अमेरिकी बाजार: इससे पहले 20 मार्च को डाउ जोन्स 443 अंक, नैस्डैक 2.01% और S&P 500 इंडेक्स 1.51% की गिरावट के साथ बंद हुए थे।
रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर, FIIs की बिकवाली जारी
डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया आज अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। रुपया 33 पैसे की गिरावट के साथ 93.86 के स्तर पर आ गया है। रुपये में कमजोरी विदेशी निवेशकों को भारतीय बाजार से पैसा निकालने के लिए मजबूर करती है।
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की बिकवाली का सिलसिला भी जारी है। 20 मार्च को FIIs ने 5,518 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की थी। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने 5,706 करोड़ रुपये की खरीदारी कर बाजार को कुछ सहारा देने की कोशिश की। इस महीने अब तक FIIs कुल 86,780 करोड़ रुपये निकाल चुके हैं, जबकि DIIs ने 1,01,168 करोड़ रुपये का निवेश किया है।
यह गिरावट शुक्रवार, 20 मार्च को बाजार में आई तेजी के ठीक उलट है, जब सेंसेक्स 325 अंक चढ़कर 74,532 पर और निफ्टी 112 अंक चढ़कर 23,114 पर बंद हुआ था।






