रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया ने अगस्त में रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया है। इसके बावजूद कई बैंकों ने लोन के ब्याज दरों (Loan Rates) में बदलाव किया है। इस लिस्ट में 5 पब्लिक सेक्टर और एक प्राइवेट सेक्टर बैंक शामिल है। सभी बैंकों ने मार्जिनल कॉस्ट ऑफ़ फंड्स बेस्ड लेंडिंग रेट्स यानी MCLR दरों में कटौती की है। जिसके कारण एमसीएलआर से जुड़े लोन और ईएमआई से राहत मिलेगी।

संशोधित एमसीएलआर नए लोन पर प्रभावी नहीं होंगे। क्योंकि नए लोन एक्सटर्नल बेंचमार्क लेंडिंग रेट्स (ईबीएलआर) पर आधारित होते हैं। हालांकि बैंक सभी कस्टमर को लोन को एमसीएलआर से ईबीएलआर में बदलने का विकल्प देता है। बता दें एमसीएलआर न्यूनतम रेट है, जिसके आधार पर बैंक लोन की ब्याज दरें निर्धारित करते हैं। रेपो रेट में बदलाव से यह भी प्रभावित होता है। आइए जानें किन बैंको ने अगस्त में लोन सस्ता किया है?

एसबीआई के दो बड़े फैसले

स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया ने लोन से संबंधित दो बड़ी घोषणाएं अगस्त महीने में की है। एक तरफ एमसीएलआर में कटौती की गई है। वहीं होम लोन के ब्याज दरों में इजाफा हुआ है। 15 अगस्त को देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक ने की एमसीएलआर में 5 बीपीएस की कटौती की है। वर्तमान में दरें 7.90% से लेकर 8.85% के बीच है, जो पहले 7.95% से लेकर 8.90% थी।

इन बैंको ने भी सस्ता किया लोन 

  • बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने 12 अगस्त को एमसीएलआर दरों में कटौती का ऐलान किया था। इस बदलाव के बाद दरें 7.95% से लेकर 8.80% है। रेट्स में 10 से 35 बीपीएस तक की कटौती की गई है।
  • इस लिसी में पब्लिक सेक्टर का केनरा बैंक भी शामिल है। 12 अगस्त को बैंक ने भी एमसीएलआर दरों में कटौती की घोषणा की थी। एमसीएलआर रेट घटकर 7.95% से लेकर 8.95% है।
  • एचडीएफसी बैंक ने भी एमसीएलआर में कटौती की है। नए रेट 7 अगस्त से लागू हैं। संशोधन के बाद दरें 8.55% से लेकर 8.75% है।
  • इंडियन ओवरसीज बैंक ने भी 15 अगस्त को लोन के ब्याज दरों में संशोधन किया था। एमसीएलआर में 10 बीपीएस तक की कटौती की है। बदलाव के बाद इंटरेस्ट रेट्स  8.05% से लेकर 8.90% हैं।
  • पंजाब नेशनल बैंक ने अगस्त महीने की पहली तारीख को ही एमसीएलआर में 5 आधार अंकों तक की कटौती की थी। वर्तमान में दरें 8.15% से लेकर 9 पॉइंट 15% है।