जेईई एडवांस्ड 2026 (JEE Advanced 2026) के लिए पंजीकरण की आखिरी तारीख 2 मई थी। जिसे आईआईटी रुड़की ने बढ़ा कर 5 मई कर दिया है। इससे संबंधित नोटिस सोमवार को जारी किया गया था। मंगलवार रात 11:59 बजे तक पात्र उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। सभी पात्र अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे जल्द से जल्द अपना पंजीकरण पूरा करें। जिसमें फीस भुगतान भी शामिल है।
संयोजक संस्थान आईआईटी रुड़की ने आधिकारिक वेबसाइट http://jeeadv.ac.in पर कहा कि, “इस बात का ध्यान रखें की फीस का भुगतान जब तक नहीं हो जाता, तब तक रजिस्ट्रेशन अधूरा माना जाएगा। इसलिए आखिरी मिनट का इंतजार न करें।” इससे पहले उम्मीदवारों को पात्रता और गाइडलाइंस को जानने की सलाह दी जाती है।
ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- होम पेज पर रजिस्ट्रेशन पोर्टल के लिंक पर क्लिक करें।
- नया पेज खुलेगा। एप्लीकेशन नंबर, पासवर्ड और सिक्योरिटी पिन दर्ज करके लॉगिन करें।
- इसके बाद आवेदन पत्र को अच्छे से भरें।
- कक्षा दसवीं मार्कशीट, कक्षा बारहवीं या समकक्ष मार्कशीट, कैटिगरी सर्टिफिकेट, पीडब्ल्यूडी सर्टिफिकेट इत्यादि दस्तावेजों को पीडीएफ फॉर्मेट में अपलोड करें। साइज का खास ख्याल रखें।
- इसके बाद शुल्क का भुगतान करें और आवेदन पत्र को जमा करें।
- भविष्य के उम्मीदवार कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर लें जरूर रख लें।

इन बातों का रखें ख्याल
आईआईटी रुड़की ने स्पष्ट किया है कि एक बार आवेदन पत्र जमा करने के बाद उम्मीदवारों को सुधार का कोई मौका नहीं दिया जाएगा। इसीलिए दिशा निर्देशों का खास पालन करें। पीडीएफ फॉर्मेट की साइज 5 KB से लेकर 500 KB के बीच होनी चाहिए। शुल्क भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग, यूपीआई, ई-चालान और CSC किसी भी एक माध्यम से किया जा सकता है।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार अपनी पात्रता सुनिश्चित जरूर करें। ध्यान रखें कि जेईई मेंस 2026 पेपर 1 में टॉप 2.5 लाख रैंक लाने वाले उम्मीदवार ही आवेदन कर सकते हैं। जन्मतिथि 1 अक्टूबर 2001 या इसके बाद की होनी चाहिए। उम्मीदवार को लगातार 2 वर्षों तकअधिकतम दो बार जेईई एडवांस्ड परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा।
जल्द जारी होगा एडमिट कार्ड
परीक्षा का आयोजन 17 मई को होने वाला है। इसमें दो पेपर शामिल होंगे। पेपर-1 का आयोजन पहली शिफ्ट में होगा, जो सुबह 9:00 बजे से लेकर दोपहर 12:00 बजे तक चलेगा। पेपर-2 का आयोजन दूसरी शिफ्ट में किया जाएगा, जिसका संचालन दोपहर 2:30 बजे से लेकर शाम 5:30 बजे तक होगा। प्रवेश पत्र अगले सप्ताह जारी हो सकते हैं। उम्मीदवार 11 मई से लेकर 17 मई के बीच एडमिट कार्ड डाउनलोड कर पाएंगे। अपडेट के लिए नियमित तौर पर आधिकारिक वेबसाइट विजिट करते रहने की सलाह दी जाती है।






