Hindi News

JEE Main 2026 सेशन-1 आंसर-की जारी, ऐसे करें डाउनलोड, 6 फरवरी तक दर्ज करें चुनौती 

Published:
जेईई मेंस प्रोविजनल आंसर-की एनटीए ने जारी कर दी है। ऑब्जेक्शन पोर्टल भी खुल चुका है। जो उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे, वे उत्तर कुंजी डाउनलोड कर सकते हैं। स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस नीचे बताया गया है। 
JEE Main 2026 सेशन-1 आंसर-की जारी, ऐसे करें डाउनलोड, 6 फरवरी तक दर्ज करें चुनौती 

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने जेईई मेंस (JEE Main 2026) सेशन-1 प्रोविजनल आंसर-की का इंतजार खत्म कर दिया है। उम्मीदवार इसे आधिकारिक वेबसाइट https://jeemain.nta.nic.in/ पर जाकर इसे डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए एप्लिकेशन नंबर और पासवर्ड की जरूरत पड़ेगी। उत्तर कुंजी के साथ-साथ ऑब्जेक्शन पोर्टल भी एक्टिव हो चुका है। इससे संबंधित नोटिस भी एनटीए ने जारी कर दिया है।

वर्तमान में केवल पेपर-1 यानि बीई/बीटेक पेपर के लिए ही रिस्पॉन्स शीट और उत्तर कुंजी जारी की गई है। पेप- 2 के लिए आंसर की जल्द ही उपलब्ध होगी।  परीक्षा का आयोजन 21, 22, 23, 24, 28 और 29 जनवरी को देशभर के 311 शहरों में 642 केंद्रों पर किया गया था। वहीं देश के बाहर 15 शहरों में भी जेईई मेंस परीक्षा आयोजित हुई थी।

चुनौती दर्ज करने के लिए फीस

उम्मीदवार उत्तर कुंजी पर 4 फरवरी से लेकर 6 फरवरी 2026 तक आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए 200 रुपये प्रति प्रश्न शुल्क का भुगतान करना होगा। पेमेंट केवल ऑनलाइन मोड में स्वीकार किया जाएगा। डेबिट कार्ड/ क्रेडिट कार्ड/नेट बैंकिंग के जारी शुल्क भुगतान की अनुमति होगी। आपत्तियों की समीक्षा विशेषज्ञों द्वारा की जाएगी। यदि चुनौती सही पाई जाती है, तो इसमें सुधार किया जाएगा। इसके बाद अंतिम उत्तर कुंजी जारी होगी। इसी के आधार पर रिजल्ट तैयार और घोषित किए जाएंगे। आपत्ति स्वीकार की गई है या नहीं, इससे संबंधित कोई जानकारी एनटीए उम्मीदवारों के साथ साझा नहीं करेगा।

कब आएगा रिजल्ट? 

एनटीए द्वारा जारी जेईई मेंस इंफॉर्मेशन बुलेटिन के मुताबिक परिणाम 12 फरवरी 2026 को घोषित होंगे। अपडेट के लिए उम्मीदवारों को नियमित तौर पर आधिकारिक वेबसाइट विजिट करते रहने की सलाह दी जाती है। स्पष्टीकरण या किसी प्रकार की परेशानी को लेकर उम्मीदवार हेल्पडेस्क का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए 011-40759000 पर संपर्क करें या jeemain@nta.ac.in पर ईमेल भेज सकते हैं।

ऐसे डाउनलोड करें उत्तर कुंजी 

  1. सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
  2. होमपेज पर “JEE Main Session 1 Answer Key” लिंक पर क्लिक करें।
  3. एप्लिकेशन नंबर और पासवर्ड दर्ज करके लॉग इन करें।
  4. उत्तर कुंजी को चेक करें। अपेक्षित अंकों की गणना करें।
  5. जरूरत पड़ने पर चुनौती दर्ज करें। फिर इसे डाउनलोड कर लें।
  6. भविष्य के संदर्भ में उम्मीदवार इसका प्रिंट आउट निकाल कर भी रख सकते हैं।
यहाँ देखें नोटिस