हर साल केंद्रीय विद्यालय में बच्चों के प्रवेश को लेकर काफी भीड़ देखने को मिलती है। अधिकतर पेरेंट्स अपने बच्चों को देश के सबसे प्रतिष्ठा सरकारी स्कूलों में से एक केंद्रीय विद्यालय में पढ़ाने का सपना देखते हैं। अगर आप भी चाहते हैं कि आपके बच्चे का इस स्कूल में एडमिशन हो जाए तो आपके लिए जरूरी खबर सामने आई है।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए केंद्रीय विद्यालय संगठन ने कक्षा 2 से लेकर 8 में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कक्षा एक के लिए आवेदन पूरी तरह से ऑनलाइन हो रहे थे लेकिन कक्षा दो और उससे ऊपर की क्लास के लिए प्रवेश प्रक्रिया ऑफलाइन माध्यम से पूरी की जाएगी। अगर आप भी बच्चे का एडमिशन करवाना चाहते हैं तो तुरंत अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें
सीट के अनुसार एडमिशन
स्कूल में कक्षा 2 से लेकर 8 तक का एडमिशन सीटों की उपलब्धता के आधार पर किया जाएगा। जिन स्कूलों में सीट होगी वहीं नए छात्रों को दाखिला दिया जाएगा। इसके लिए अभिभावकों को अपने नजदीकी केंद्रीय विद्यालय में जाकर वहां रिक्तियां है या नहीं इस संबंध में जानकारी प्राप्त करनी होगी।
कैसे करें आवेदन
ये प्रक्रिया ऑफलाइन की जाएगी इसलिए संबंधित केंद्रीय विद्यालय के कार्यालय से आवेदन फॉर्म प्राप्त करना होगा, जो निशुल्क मिलता है। कुछ स्कूलों की आधिकारिक वेबसाइट पर फॉर्म का पीडीएफ उपलब्ध हो जाता है, जिसे डाउनलोड कर प्रिंट निकाल सकते हैं।
इस फॉर्म में आपके बच्चे का नाम, माता-पिता का विवरण, जन्म तिथि और पिछली क्लास की जानकारी अच्छी तरह से भरनी होगी। अब जो डॉक्यूमेंट मांगे गए हैं जैसे पिछली क्लास की मार्कशीट, निवास प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, श्रेणी प्रमाण पत्र की फोटो कॉपी लगाएं। इस फॉर्म को आपको समय सीमा के अंदर स्कूल के प्रशासनिक कार्यालय में जमा करवाना होगा।
लगेंगे ये डॉक्यूमेंट्स
बच्चों का एडमिशन करवाने के लिए उनका जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, जिस स्कूल में पढ़ रहे थे वहां का ट्रांसफर सर्टिफिकेट, अगर एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस श्रेणी में आते हैं तो जाति और आय प्रमाण पत्र। रक्षा सरकारी कर्मचारियों में के लिए सर्विस सर्टिफिकेट अनिवार्य किया गया है।
जान लें महत्वपूर्ण तारीख
आपको बता दें कि ऑफलाइन आवेदन करने की समय सीमा बहुत सीमित रखी जाती है क्योंकि यह एडमिशन सीटों की उपलब्धता के आधार पर होते हैं। जब आप फॉर्म जमा कर देंगे उसके बाद स्कूल अपनी वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर चयनित किए गए छात्रों की लिस्ट जारी करेगा। कई बार ऐसा होता है कि आवेदन की संख्या ज्यादा होती है ऐसे में लॉटरी सिस्टम का उपयोग किया जाता है।
किसे मिलेगी प्राथमिकता
केंद्रीय विद्यालय मुख्य रूप से केंद्र सरकार के कर्मचारियों और रक्षा कर्मियों के बच्चों को एडमिशन में प्राथमिकता देता है। दूसरी प्राथमिकता केंद्रीय स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के कर्मचारियों के बच्चों को दी जाती है। तीसरी प्राथमिकता राज्य सरकार के कर्मचारियों के बच्चों को मिलती है। इसके बाद अन्य श्रेणियों और प्राइवेट क्षेत्र में काम करने वाले बच्चों को मौका दिया जाता है।