नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने 8 अक्टूबर को यूजीसी नेट दिसंबर सेशन (UGC NET 2026) का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। ऑनलाइन एप्लिकेशन पोर्टल भी खुल चुका है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट http://ugcnet.nta.nic.in पर जाकर ऑनलाइन 28 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं। फीस और परीक्षा की तारीख भी एनटीए द्वारा घोषित कर दी गई है।

500 रुपये लेट फीस के साथ आवेदन पत्र जमा करने की तारीख 29 अक्टूबर से लेकर 31 अक्टूबर है। करेक्शन पोर्टल 2 नवंबर से लेकर 4 नवंबर तक खुला रहेगा। हर साल दो बार एनटीए यूजीसी नेट परीक्षा का आयोजन करता है। पहला सेशन जून और दूसरा दिसंबर में होता है। इसके आधार पर जूनियर रिसर्च फेलोशिप अवार्ड, असिस्टेंट प्रोफेसर नियुक्ति और पीएचडी दाखिले के लिए उम्मीदवारों का चयन होता है।

ऐसे उम्मीदवार जिन्होंने 55% अंकों के साथ मास्टर्स डिग्री या समकक्ष परीक्षा पास कर ली है या मास्टर्स के फाइनल ईयर या फाइनल सेमेस्टर में हैं, वे आवेदन कर सकते हैं।  जिन उम्मीदवारों ने 75% अंकों के साथ 4 वर्षीय ग्रेजुएशन प्रोग्राम पूरा कर लिया है या फाइनल सेमेस्टर या ईयर में हैं, वे भी आवेदन कर सकते हैं।

इतनी है फीस

जनरल और अनारक्षित उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1150 रुपये है। जनरल-ईडब्ल्यूएस और ओबीसी NCL उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 600 रुपये है। एससी एसटी, PwD और थर्ड जेंडर उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 325 रुपये है।

14 से 19 दिसंबर तक होगी परीक्षा 

परीक्षा का आयोजन 14 दिसंबर से लेकर 19 दिसंबर के बीच देशभर के विभिन्न शहरों में अलग-अलग शिफ्टों में किया जाएगा। विषयवार टाइम टेबल जल्द ही जारी जारी होगा। इंफॉर्मेशन बुलेटिन जारी कर दिया गया है, जिसमें एग्जाम पैटर्न, मार्किंग स्कीम, विषयों की लिस्ट और संबंधित कोड जैसी जानकारी दी गई है ।उम्मीदवारों को फॉर्म भरने से पहले इसमें दिए गए दिशानिर्देशों को पढ़ने की सलाह दी जाती है।

परीक्षा का आयोजन कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट मोड में किया जाएगा। इसमें दो पेपर्स शामिल होंगे। पेपर-1 कुल 100 अंक का होगा, 50 ऑब्जेक्टिव प्रश्न पूछे जाएंगे। पेपर-2 में  100 प्रश्न होंगे, यह कुल 200 अंकों का होगा। सही उत्तर पर दो अंक मिलेंगे। नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान नहीं होगा। दोनों पेपर्स के बीच कोई ब्रेक नहीं मिलेगा। परीक्षा की अवधि 3 घंटे होगी।

इन बातों का रखें ख्याल 

पंजीकरण के दौरान सही ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर दर्ज करने को कहा गया है। क्योंकि परीक्षा से संबंधित अपडेट या जानकारी एनटीए द्वारा पंजीकृत ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर पर एसएमएस और ईमेल के जरिए भेजी जाएगी। आवेदन के दौरान किसी भी समस्या को लेकर उम्मीदवार एजेंसी द्वारा गठित हेल्पडेस्क का इस्तेमाल कर सकते हैं। एनटीए ने यह स्पष्ट किया है कि कुछ जानकारी में बदलाव की अनुमति नहीं होगी, इसलिए आवेदन पत्र को जमा करने से पहले एक बार उसे अच्छे से चेक कर लें। आवेदन पत्र जमा करने के बाद कंफर्मेशन पेज को डाउनलोड करने की सलाह भी दी गई है। हस्ताक्षर, फोटोग्राफ और दस्तावेजों के फॉर्मेट और साइज़ का ख्याल जरूर रखें।