छतरपुर: PM आवास के लिए रिश्वतखोरी, बक्सवाहा नगर परिषद की CMO और उपयंत्री को EOW ने रंगे हाथ दबोचा

मध्य प्रदेश के छतरपुर में EOW ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बक्सवाहा नगर परिषद की CMO नेहा शर्मा और उपयंत्री शोभित मिश्रा को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। दोनों अधिकारी एक हितग्राही से आवासीय पट्टे और पीएम आवास योजना के लिए 30 हजार रुपये मांग रहे थे।
छतरपुर: PM आवास के लिए रिश्वतखोरी, बक्सवाहा नगर परिषद की CMO और उपयंत्री को EOW ने रंगे हाथ दबोचा

जिले की बक्सवाहा नगर परिषद में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने एक बड़ी कार्रवाई की है। सागर EOW की टीम ने परिषद की मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) नेहा शर्मा और उपयंत्री शोभित मिश्रा को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई एक शिकायत के बाद की गई जिसमें अधिकारियों पर आवासीय पट्टा और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के एवज में पैसे मांगने का आरोप था।

पीएम आवास के लिए मांगी थी 40 हजार की रिश्वत

जानकारी के अनुसार, बक्सवाहा निवासी हरिओम अहिरवार ने EOW सागर में इस मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि आवासीय पट्टा और प्रधानमंत्री आवास योजना में नाम शामिल करने के लिए CMO नेहा शर्मा उनसे 40 हजार रुपये की रिश्वत मांग रही थीं। EOW ने जब गोपनीय तरीके से शिकायत का सत्यापन कराया, तो 30 हजार रुपये की मांग की पुष्टि हुई।

EOW ने जाल बिछाकर ऐसे पकड़ा

शिकायत की पुष्टि होने के बाद EOW की टीम ने जाल बिछाकर दोनों अधिकारियों को पकड़ने की योजना बनाई। तय योजना के तहत जब आवेदक रिश्वत की रकम लेकर CMO नेहा शर्मा के पास पहुंचा तो उन्होंने खुद पैसे लेने के बजाय आवेदक को यह रकम उपयंत्री शोभित मिश्रा को देने के लिए कहा।

जैसे ही हरिओम ने उपयंत्री शोभित मिश्रा को 30 हजार रुपये दिए, पहले से तैयार EOW की टीम ने उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया। टीम ने जब पंच साक्षियों के सामने केमिकल लगे नोटों से शोभित मिश्रा के हाथ धुलवाए तो वे गुलाबी हो गए, जिससे रिश्वत लेने की बात साबित हो गई।

EOW ने दोनों आरोपियों, CMO नेहा शर्मा और उपयंत्री शोभित मिश्रा, के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, मामले की आगे की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि पीड़ित का आवेदन अभी भी नगर परिषद में लंबित है।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews