छतरपुर जिले के बंसिया थाना क्षेत्र के मोतीपुरवा गांव में पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। चरित्र पर शक को लेकर हुए विवाद के बाद एक पति ने अपनी पत्नी पर हंसिये से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति ने उसी हंसिये से अपना गला काटकर जान देने की कोशिश की। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि आरोपी की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर किया गया है। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से सबूत जुटाने के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वाड की टीम को भी बुलाया गया।
पति-पत्नी के बीच चरित्र शंका को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान राजा बाबू केवट के रूप में हुई है। वह हाल ही में अपनी पत्नी शियाप्यारी केवट को पन्ना जिले के मुहाना गांव स्थित उसके मायके से अपने घर लेकर आया था। बताया जा रहा है कि रात के समय पति-पत्नी के बीच चरित्र शंका को लेकर विवाद शुरू हुआ। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ती गई और मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि गुस्से में पति ने घर में रखे हंसिये से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी की हत्या के बाद खुद का गला काटा
पत्नी पर हमला करने के बाद आरोपी पति ने भी उसी हंसिये से अपना गला काट लिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और घायल राजा बाबू को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए। उसकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया। फिलहाल आरोपी पुलिस की निगरानी में इलाज करा रहा है।
मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम
घटना की सूचना मिलते ही बंसिया थाना पुलिस मोतीपुरवा गांव पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और डॉग स्क्वाड की टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घर और आसपास के इलाके से जरूरी सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।
पारिवारिक विवाद के हर पहलू की जांच
पुलिस परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जानकारी में घटना के पीछे पति का पत्नी के चरित्र पर शक बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद ही विवाद की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। इस दर्दनाक वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है और गांव में घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है।






