छतरपुर: नवरात्रि एवं दीपावली का त्योहार नजदीक आ गया है। ऐसे में बाजारों में पटाखों की बिक्री बढ़ने लगी है। वहीं अवैध पटाखों की बिक्री एवं लोगों की सुरक्षा को लेकर पुलिस एक्टिव गई है। वहीं, छतरपुर में भी पुलिस लगातार चेकिंग अभियान के जरिए अवैध पटाखा कारोबारियों एवं नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कस रही है।
इसी कड़ी में गुरुवार को जिले की लवकुशनगर पुलिस ने यात्री बस में अवैध रूप से पटाखों का परिवहन करने के मामले में कार्रवाई की है। सतना जा रही बस की जांच के दौरान पुलिस ने छत पर रखे 7 बोरों से भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं।
ये भी पढ़ें
मामले मे बस कंडक्टर को गिरफ्तार किया गया है एवं बस को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, पटाखों और परिवहन में इस्तेमाल की गई बस सहित बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख 50 हजार रुपये है।
बस की छत पर मिले पटाखों से भरे बोरे
पुलिस के अनुसार, थाना लवकुशनगर को सूचना मिली थी कि लवकुशनगर से सतना जा रही एक यात्री बस में अवैध रूप से पटाखे रखे गये हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम सक्रिय हो गई एवं बगमऊ तिगेला स्थित टोल टैक्स प्लाजा के पास बस को रोककर तलाशी ली। पुलिस को तलाशी के दौरान बस की छत से 7 बोरों में भारी मात्रा में पटाखे मिले।
पटाखे एवं बस को पुलिस ने किया जब्त
पुलिस ने बस कंडक्टर इशाक मोहम्मद को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की। कंडक्टर ने बताया कि वह अधिक भाड़े की लालच में पटाखों का परिवहन कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पटाखे और परिवहन में इस्तेमाल की गई यात्री बस को जब्त कर लिया है।
इस घटना ने यात्री वाहनों में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। बस में सफर करने वाले यात्रियों को यह अंदाजा भी नहीं रहा होगा कि जिस वाहन में वे अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए बैठे हैं, उसी में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री ले जाई जा रही है। पुलिस ने कंडक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
