छतरपुर में दो मासूमों की मौत के मामले में नया मोड़, कुएं में मिला एक और शव, आरोपी बालकेश सिंह का होने की आशंका

कपड़ों के आधार पर पुलिस को बालकेश सिंह का शव होने की आशंका; शुक्रवार को लापता हुए थे सचिन और प्रेम, रविवार को कुएं में मिले थे दोनों मासूम भाइयों के शव
Chhatarpur News

छतरपुर। दो मासूम भाइयों के अपहरण और फिर कुएं में उनके शव मिलने के मामले में अब नया मोड़ आया है। सोमवार को एक और कुएं में शव मिला है, जिसके अपहरण के आरोपी बालकेश सिंह का होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है और शव को कुएं से बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल शव की पहचान की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि कपड़ों के आधार पर शव बालकेश सिंह का हो सकता है। शव बाहर निकालने और पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इसकी पुष्टि हो पाएगी। बालकेश की तलाश बच्चों के शव मिलने के बाद से ही की जा रही थी।

स्कूल से लौटने के बाद लापता हुए थे दोनों भाई

मामला लवकुशनगर थाना क्षेत्र के बम्होरी पुरवा का है। यहां रहने वाले सचिन यादव और प्रेम यादव शुक्रवार को स्कूल से लौटने के बाद लापता हो गए थे। बच्चों के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने तलाश शुरू की और बाद में उनकी मां ने लवकुशनगर थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की जांच में बालकेश सिंह का नाम सामने आया। पुलिस के मुताबिक बालकेश परिवार का परिचित था और उसका घर आना-जाना था। इसी वजह से बच्चे भी उसे पहचानते थे। दोनों बच्चों की तलाश के लिए पांच थानों की पुलिस टीमें लगाई गई थीं।

रविवार को कुएं में मिले थे दोनों बच्चों के शव

तलाश के दौरान रविवार को दोनों बच्चों के शव एक कुएं से बरामद किए गए। इसके बाद मामला अपहरण से दो बच्चों की संदिग्ध मौत तक पहुंच गया। पुलिस ने शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बालकेश सिंह की तलाश तेज कर दी थी।

इस पूरे मामले में बालकेश और बच्चों की मां के बीच संबंध की बात भी सामने आई थी। शुरुआती जांच में इसी एंगल से बच्चों को अपने साथ ले जाने की बात सामने आई, हालांकि बच्चों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे घटनाक्रम क्या रहा, इसकी जांच पुलिस कर रही है।

अब दूसरे कुएं में मिला शव

इसी बीच सोमवार को एक अन्य कुएं में शव मिलने की सूचना ने मामले में नया मोड़ ला दिया। कपड़ों के आधार पर पुलिस को इसके बालकेश सिंह का शव होने की आशंका है। पुलिस की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला जा रहा है।

यदि पहचान में शव बालकेश सिंह का होने की पुष्टि होती है तो इसके बाद उसकी मौत की वजह भी जांच का अहम हिस्सा होगी। फिलहाल पुलिस ने आधिकारिक पहचान होने तक शव को बालकेश का घोषित नहीं किया है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews