Hindi News

सीएम डॉ. मोहन यादव ने खजुराहो में किया ‘द ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस’ होटल का उद्घाटन, कहा “स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे”

Written by:Shruty Kushwaha
Published:
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह होटल अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पर्यटन क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है और ऐसे प्रोजेक्ट्स के माध्यम से प्रदेश की वैश्विक पहचान और मजबूत हो रही है। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और खजुराहो आने वाले पर्यटकों को और बेहतर अनुभव मिलेगा।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने खजुराहो में किया ‘द ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस’ होटल का उद्घाटन, कहा “स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे”

CM Mohan Yadav

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज खजुराहो में बने पांच सितारा होटल ‘द ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस’ का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह होटल अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानकों पर तैयार किया गया है और इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। यह होटल 300 वर्ष से अधिक पुराने राजगढ़ पैलेस को रिनोवेट कर विकसित किया गया है।

छतरपुर जिले में स्थित खजुराहो भारत के महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों में गिना जाता है। यहाँ बने मंदिर 10वीं-11वीं शताब्दी के दौरान चन्देला वंश द्वारा बनवाए गए थे और इन मंदिरों के समूह को साल 1986 में UNESCO विश्व धरोहर स्थल के रूप में घोषित किया गया था। अब ‘द ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस’ लग्जरी होटल बनने के बाद यहां आने वाले पर्यटकों को बेहतरीन सुविधाओं और आतिथ्य का लाभ भी मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने खजुराहो में किया ‘द ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस’ का उद्घाटन

सीएम डॉ. मोहन यादव ने  होटल ‘द ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस’ का औपचारिक उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में उन्होंने कहा कि इस होटल के बनने के बाद न सिर्फ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, बल्कि ये यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खजुराहो की गौरवशाली परंपरा को नई ऊंचाई भी प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि “यूनेस्को वर्ल्ड हैरिटेज में खजुराहो का विशेष महत्‍व है। यहां पत्‍थर और मूर्तियां भी बोलती हैं। होटल ओबेरॉय के रूप में यहां अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन के केंद्र के रूप में संस्थान का लोकार्पण हुआ और खजुराहो की गौरवशाली परंपरा में आज चार चांद लगे हैं।”

पर्यटन क्षेत्र में मध्यप्रदेश की उपलब्धियां गिनाई

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक धरोहरों में खजुराहो का स्थान अद्वितीय है जो प्रदेश की गौरवशाली मुकुट-मणि के समान प्रतिष्ठित है। यहां की कलाकृतियों और प्रतिमाओं का अद्भुत सौंदर्य मानो सजीव प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में मिल रही निरंतर उपलब्धियां स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और अवसरों के नए द्वार खोल रही हैं। सीएम ने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाईयां छू रहे मध्यप्रदेश में पर्यटकों की संख्या में 526% की अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज हुई है। बीते वर्ष 13.41 करोड़ से अधिक पर्यटकों ने प्रदेश के अद्भुत दर्शनीय स्थलों का भ्रमण किया। पर्यटकों के लिए हवाई सेवाओं और हेली सेवाओं का सतत विस्तार राज्य को पर्यटन का प्रमुख केंद्र बना रहा है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि ‘द ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस’ के शुभारंभ के साथ ही अब खजुराहो आने वाले पर्यटक बेहतर और सुखद अनुभव के साथ वापस जाएंगे।

Madhya Pradesh Tourism

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha
Follow Us :GoogleNews