दो कारों की भीषण भिड़ंत में पिता पुत्री की मौत, पत्नी और दूसरी बेटी गंभीर

दो कारों की भीषण भिड़ंत में पिता पुत्री की मौत, पत्नी और दूसरी बेटी गंभीर

छतरपुर, संजय अवस्थी। सोमवार दोपहर को फोरलेन पर दो कारों की भीषण भिड़ंत से  दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। इस घटना में पिता पुत्री की मौत हो गई जबकि एक पुत्री और पत्नी गंभीर रूप से घायल है। दूसरी पुत्री को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, पत्नी का इलाज जिला अस्पताल में हो रहा है। हृदय विदारक घटना की जानकारी लगते ही न केवल व्यापारी के रिश्तेदार नौगांव से घटनास्थल पर पहुंच गए बल्कि अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे। घायलों को इलाज के लिए 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस भी मौके पर तुरंत पहुंच गई थी। मृतक छतरपुर का एक गुटखा व्यवसायी है और वह अपने परिवार को लेकर एक शादी समारोह में शामिल होने ओरछा जा रहे थे।

जानकारी के मुताबिक छतरपुर निवासी व्यापारी दिलीप गुप्ता अपनी कार क्रमांक एमपी 16 सीबी 3155 से पत्नी दीप्ति और दोनों पुत्री तान्या व तन्वी को लेकर ओरछा में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। व्यापारी दिलीप गुप्ता की कार नेशनल हाईवे में निर्मित हो रहे फोरलेन में दौरिया के पास पहुंची तभी राठ की ओर से भोपाल जा रही कार क्रमांक एमपी 04 सीएच 5589 से आमने सामने की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि व्यापारी अपनी कार से उछलकर करीब 20 फीट दूर जा गिरे। इस घटना में व्यापारी दिलीप गुप्ता की घटनास्थल पर मौत हो गई। हादसे में दिलीप की एक पुत्री की मौत हो गई जबकि दूसकी पुत्री एवं पत्नी दीप्ति गुप्ता को गंभीर हालत में पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया गया। बताया जाता है कि दूसरी ओर से आ रही कार में सवार लोग एक मांगलिक कार्यक्रम को संपन्न कराकर परिवार के साथ वापस भोपाल जा रहे थे। उसके ड्राइवर निर्भय विश्वकर्मा को गंभीर चोट आई है जबकि धर्मा उसके पुत्र दीपक, पुत्री पूनम व पत्नी शांति बाई को मामूली चोटें आई है। घटना की खबर लगते ही नौगांव से एडवोकेट सूरजदेव मिश्रा, सन्नो सक्सेना सहित अन्य लोग पहुंच गए थे। वही 108 एंबुलेंस डायल 100 के अलावा थाने से एएसआई ज्ञान सिंह, एएसआई त्रिवेदी, आरक्षक हृदेश, व हरदीन भी तुरंत पहुंचे व घायलों की मदद की।

इस समय झांसी खजुराहो फोरलेन का निर्माण कार्य चल रहा है इसलिए हाईवे में दोनों ओर से वाहनों को नहीं ले जाया जा रहा। हाईवे में कई जगह एकांगी मार्ग है जिनका आने और जाने के लिए उपयोग किया जा रहा है। सूत्र बताते हैं कि दौरिया के पास ओवर ब्रिज के ठीक पहले यह आमने-सामने की भिड़ंत एक ही मार्ग से आने जाने के दौरान हुई है। किससे चूक हुई यह तो कहना मुश्किल है लेकिन हादसा काफी बड़ा था। बताया जा रहा है कि छतरपुर के सोनी परिवार की एक गाड़ी एमपी 16 सी 8408 व्यापारी दिलीप गुप्ता के पीछे झांसी की ओर जा रही थी। ओवरटेक के दौरान दोनों कारों की भिड़ंत होने पर चालक ने जैसे ही कार मोड़ी वैसे ही 8 फीट चौड़े डिवाइडर को पार कर दूसरी तरफ जा गिरी। कार के तीन पहिए फट गए। हालांकि चालक की सूझबूझ से कार में बैठे दोनों लोग सुरक्षित है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews