छतरपुर में महासफाई अभियान संपन्न, मंच पर बैठे सफाईकर्मी, नीचे सांसद और अधिकारी

छतरपुर में महासफाई अभियान संपन्न, मंच पर बैठे सफाईकर्मी, नीचे सांसद और अधिकारी

छतरपुर, संजय अवस्थी। शहर में आज एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जब एक कार्यक्रम के मंच पर सफाईकर्मियों को सम्मान देते हुए बैठाया गया और मंच के नीचे लगी कुर्सियों पर सांसद, विधायक और कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधि बैठे नजर आए। ये कार्यक्रम महा सफाई अभियान के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर मनाया गया था।

दरअसल छतरपुर शहर में 18 जनवरी से महासफाई अभियान के तहत 168 घंटे का अभियान चलाया गया, जिसमें सफाईकर्मियों द्वारा दिन और रात लगातार 168 घंटे से सफाई की जा रही थी। शहर के अलग-अलग इलाकों में सफाईकर्मी लगातार सफाई में जुटे हुए थे। इस दौरान कलेक्टर, एसपी सहित कई आला अधिकारी भी सफाईकर्मियों के साथ सफाई करते नजर आए। उसी कार्यक्रम का आज समापन था और इसी के चलते जनप्रतिनिधि सांसद, विधायक और जिसमें कलेक्टर, डीआईजी, एसपी ने सफाईकर्मियों का सम्मान करते हुए उन्हें मंच पर आसीन करवाया और खुदमंच के नीचे कुर्सियों पर बैठे नजर आए। कार्यक्रम के दौरान सफाईकर्मियों को शाल श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।

गौरतलब है कि सफाई अभियान के तहत लगातार सफाईकर्मी काम कर रहे थे और इसी सफाई अभियान के तहत कलेक्टर, एसपी और पूर्व विधायक सफाई अभियान में रोज ही शामिल होकर सफाई कर भी रहे थे और करवा भी रहे थे। इस कार्यक्रम को देखकर लोग हतप्रभ रह गए क्योंकि उन्होंने हमेशा किसी भी कार्यक्रम में मंच पर जनप्रतिनिधि और अधिकारियों को बैठे हुए देखा था। लेकिन आज पहली बार सफाई कर्मचारियों को मंच पर मुख्य अतिथि बनते हुए देखा गया। यह सम्मान पाकर सभी सफाईकर्मी बेहद खुश नजर आए।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews