ऑपरेशन मुस्कान में छतरपुर पुलिस ने 15 दिन में खोज निकाले 43 बालक-बालिकाएं

ऑपरेशन मुस्कान में छतरपुर पुलिस ने 15 दिन में खोज निकाले 43 बालक-बालिकाएं

छतरपुर, संजय अवस्थी। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा लापता और गुमशुदा लोगों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान (Operation muskaan) के तहत छतरपुर पुलिस ने पिछले 15 दिनों में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गायब 43 गुमशुदा लोगों को खोजने में सफलता पायी है। खोजकर लाए गए इन लोगों में 40 बालिकाएं हैं जबकि तीन बालक शामिल हैं। इन्हें दिल्ली, जम्मू, पंजाब जैसे राज्यों से खोजा गया है।

उल्लेखनीय है कि 6 जनवरी से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर पूरे प्रदेश में ऑपरेशन मुस्कान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य है मप्र के विभिन्न हिस्सों से लापता लोगों की तलाश की जाए। लापता लोगों में ज्यादातर लड़कियां शामिल हैं इसलिए उनकी तलाश के लिए पुलिस विशेष प्रयास कर रही है। एएसपी समीर सौरभ ने बताया कि अभियान के 15 दिन के भीतर ही जिले से लापता 222 लोगों में से 43 लोगों को विभिन्न राज्यों से खोजा गया है।

अनुभाग स्तर पर बनाई गईं टीमें, सतत मॉनिटरिंग जारी

ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत जिले भर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की विवेचना नए सिरे से प्रारंभ हो गई है। एएसपी समीर सौरभ ने बताया कि इसके लिए अनुविभाग स्तर पर पुलिस की टीमें गठित की गई है। फरियादी परिवारों से दोबारा बात की जा रही है। लापता लोगों के आईडी कार्ड, मोबाइल नंबर एवं उनसे जुड़े लोगों के माध्यम से उन तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। इसके लिए पुलिस की विशेष टीमें भी गठित की गई हैं जो लापता लोगों की तलाश में अन्य राज्यों तक भी पहुंचती हैं। उन्होंने बताया कि अब तक जम्मू, पंजाब और दिल्ली जैसे इलाकों से 40 लड़कियों और 3 लड़कों को खोजा गया है।

अब भी जिले के 182 लोगों की तलाश

ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत लापता लोगों की तलाश के लिए जारी इस अभियान में अब भी 182 लोगों को खोजना बाकी है। लंबे समय से जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के 182 लोग अब भी गायब हैं जिन्हें पुलिस खोजने में दिनरात जुटी है। जिले के सिविल लाइन, कोतवाली थाना, बक्स्वाहा और लवकुशनगर थाना क्षेत्रों से सर्वाधिक लापता लोगों की तलाश जारी है।

इन थानों में इतने लापता

बमीठा 10, महाराजपुर 8, बक्स्वाहा 14, कोतवाली 11, सिविल लाइन 15, हरपालपुर 10, नौगांव 9, चंदला 9, लवकुशनगर 18

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews