MP Breaking News

छतरपुर में स्कूली बच्चों ने रोका मंत्री का काफिला, सड़क-बिजली की समस्याओं से कराया अवगत, वीडियो वायरल

छतरपुर में स्कूली बच्चों ने भाजपा विधायक और वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार का काफिला रोककर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। मंत्री ने बच्चों की समस्याएं सुनी एवं जल्द समाधान का आश्वासन दिया। 
Chhatarpur News

छतरपुर: भारत आज 80वें स्वतंत्रता दिवस के जश्न में डूबा हुआ है। जगह-जगह तिरंगा शान से लहरा रहा है और देशवासी अपने अधिकारों, विकास और बेहतर भविष्य के संकल्प के साथ आजादी का पर्व मना रहे हैं। इसी बीच, मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले से सामने आया एक मामला चर्चा में है जहां स्कूली बच्चे अपने विद्यालय की बुनियादी सुविधाओं को लेकर परेशान हैं। जिसके चलते बच्चों ने वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार का काफिला रोककर अपनी समस्याओं से अवगत कराया एवं समाधान की मांग की। इसका वीडियो भी काफी वायरल हो रहा है।

यह मामला चंदला विधानसभा क्षेत्र के माध्यमिक शाला बसराही का बताया जा रहा है। भाजपा विधायक और मंत्री दिलीप अहिरवार का काफिला जब इलाके से गुजर रहा था तभी स्कूली छात्र-छात्राओं ने उन्हें रोक लिया। बच्चों ने मंत्री के सामने स्कूल तक पहुंचने वाली सड़क की समस्या रखी।

बता दें कि बच्चों ने केवल सड़क समस्या ही नहीं बल्कि स्कूल की बाउंड्री और बिजली से जुड़ी समस्याओं को भी दूर कराने की मांग की। मंत्री दिलीप अहिरवार ने बच्चों की बात सुनी और उनकी समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

मामले में मंत्री दिलीप अहिरवार का बयान

बता दें कि इस मामले पर मंत्री दिलीप अहिरवार ने अपनी प्रतिक्रिया भी दी है। मंत्री ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि स्कूल तक सड़क निर्माण में एक निजी जमीन बीच में आ रही थी। जमीन के मालिक से इस संबंध में बातचीत हो चुकी है। उन्होंने जनपद सीईओ को भी सड़क निर्माण के लिए निर्देशित किया है। मंत्री के अनुसार, जल्द ही स्कूल तक सड़क का निर्माण कराया जाएगा। मंत्री ने यह भी बताया कि स्कूल में बाउंड्री पहले से बनी हुई है और बच्चों की ओर से मुख्य रूप से सड़क निर्माण की मांग की गई थी।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews
छतरपुर में स्कूली बच्चों ने रोका मंत्री का काफिला, सड़क-बिजली की समस्याओं से कराया अवगत, वीडियो वायरल - MP Breaking News