टेंट हाउस संचालक ने पुलिसकर्मी पर लगाया हजारों रुपये के बिल का गबन करने का आरोप, PM कार्यक्रम के भुगतान का है पूरा मामला

छतरपुर में एक टेंट हाउस संचालक ने पुलिस लाइन में तैनात पुलिसकर्मी धर्मेंद्र पर 31 हजार रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए दिए गए सामान के बिल का भुगतान पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर अपने खाते में करवा लिया, जिसके बाद पीड़ित ने एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है।
टेंट हाउस संचालक ने पुलिसकर्मी पर लगाया हजारों रुपये के बिल का गबन करने का आरोप, PM कार्यक्रम के भुगतान का है पूरा मामला

छतरपुर। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को हुई जनसुनवाई के दौरान एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जिसमें एक पुलिसकर्मी पर ही सरकारी भुगतान में धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप लगा है। शहर के जय बाबा टेंट हाउस के संचालक ने शिकायत दर्ज कराई है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए उपलब्ध कराए गए सामान के बिल की राशि एक पुलिसकर्मी ने अपने निजी खाते में ट्रांसफर करा ली।

पीड़ित पवन सोनी ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके टेंट हाउस द्वारा प्रधानमंत्री के खजुराहो आगमन के दौरान ओरछा रोड थाना क्षेत्र में व्यवस्थाओं के लिए बिस्तर और गद्दे उपलब्ध कराए गए थे। यह सामान 22 दिसंबर 2024 और 20 फरवरी 2025 को दो बार में दिया गया था, जिसका कुल बिल 31 हजार रुपये बना था।

भुगतान प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप

टेंट हाउस संचालक के अनुसार, जब उन्होंने भुगतान के लिए संपर्क किया तो पता चला कि पेमेंट का पैकेट तो तैयार हो चुका है, लेकिन राशि उन तक नहीं पहुंची। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस लाइन में पदस्थ पुलिसकर्मी धर्मेंद्र ने भुगतान की प्रक्रिया में गड़बड़ी करते हुए पूरी राशि अपने खाते में डलवा ली। लंबे समय तक जब उन्हें उनका पैसा नहीं मिला तो उन्होंने मामले की पड़ताल शुरू की।

सबूत के तौर पर पेश की ऑडियो रिकॉर्डिंग

अपनी शिकायत को पुख्ता करने के लिए पवन सोनी ने एसपी कार्यालय में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी प्रस्तुत की। यह ऑडियो कथित तौर पर पुलिस लाइन में पदस्थ रक्षित निरीक्षक (RI) के साथ हुई बातचीत का है, जिसमें पेमेंट किए जाने की पुष्टि हो रही है। इस सबूत के आधार पर पीड़ित ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि उन्हें उनका पैसा वापस मिल सके और आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

एसपी कार्यालय ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू करने का आश्वासन दिया है। इस घटना ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां एक पुलिसकर्मी पर ही इस तरह के गबन का आरोप लगा है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews