वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ: छत्तीसगढ़ के 3 हजार से ज्यादा स्कूलों में एक साथ गूंजेगा राष्ट्रीय गीत, कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने की बैठक

वंदे मातरम गीत की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में रायपुर, बलौदा बाजार और भाटापारा जिले के सभी शासकीय व निजी शिक्षण संस्थानों में एक साथ सामूहिक वन्दे मातरम गान का ऐतिहासिक आयोजन किया जाएगा।
Vande Matram in Raipur Schools

राष्ट्रगीत वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ पर देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। वहीं छत्तीसगढ़ के रायपुर में भी एक ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। वंदे मातरम गीत की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में रायपुर, बलौदा बाजार और भाटापारा जिले के सभी शासकीय व निजी शिक्षण संस्थानों में एक साथ सामूहिक वन्दे मातरम गान का ऐतिहासिक आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर दी।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दी जानकारी

बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि 15 जनवरी को सेना दिवस के पावन अवसर पर रायपुर लोकसभा क्षेत्र में वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ को समर्पित सामूहिक वंदे मातरम का भव्य और ऐतिहासिक आयोजन किया जाएगा। रायपुर एवं बलौदा बाजार-भाटापारा के 3000 से अधिक शासकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों में लगभग 5 लाख विद्यार्थी एक साथ वंदे मातरम गाकर राष्ट्रभक्ति का अद्भुत और अविस्मरणीय दृश्य रचेंगे। आयोजन का मुख्य स्थल सुभाष स्टेडियम, रायपुर होगा, जहां 25,000 विद्यार्थी एक साथ वन्देमातरम का सामूहिक गान करेंगे। आप सभी सादर आमंत्रित हैं। आइए, राष्ट्रभक्ति के इस महाकुंभ के साक्षी बनें।

सांसद अग्रवाल ने कहा कि महान साहित्यकार एवं राष्ट्रभक्त कवि बंकिम चंद्र चटर्जी द्वारा 7 नवंबर 1875 को रचित ‘वंदे मातरम’ ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के दौरान जन-जन के भीतर राष्ट्रभक्ति की चेतना जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसकी 150वीं वर्षगांठ तथा सेना दिवस जैसे गौरवपूर्ण अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम आज की पीढ़ी के मन में समर्पण, अनुशासन और देशभक्ति की भावना को और अधिक सशक्त करेगा।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक गायन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध, भारतीय सेना के सम्मान और भारत माता के प्रति अटूट श्रद्धा से जोड़ने का एक ऐतिहासिक प्रयास है।

कार्यक्रम का शेड्यूल

सभी संस्थानों में 15 जनवरी को सुबह 11 बजे विद्यार्थी एकत्रित होंगे। पहले प्रस्तावना का वाचन होगा और फिर 11.30 से 12.30 बजे तक देशभक्ति से भरे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। पूरे क्षेत्र में सामूहिक वन्देमातरम गान ठीक 12.55 बजे शुरू होगा।

सांसद बृजमोहन ने अधिकारियों के साथ ली बैठक

बता दें कि इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए शनिवार सांसद अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक की थी। बैठक में सांसद ने अलग-अलग विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। कार्यक्रम संयोजक दानसिंह देवांगन ने बताया कि रायपुर देश का पहला लोकसभा क्षेत्र होगा, जहां एक साथ एक ही समय पर 5 लाख युवा वंदे मातरम का गायन करेंगे।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews