छत्तीसगढ़: सुशासन तिहार शिविर में ग्रामीण ने कर दी अनोखी डिमांड, आवेदन देकर प्रशासन से मांगा हवाई जहाज, जानें पूरा मामला

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में सड़क न बनने से त्रस्त एक ग्रामीण ने सुशासन तिहार शिविर में प्रशासन से सीधे हवाई जहाज की मांग कर सबको हैरत में डाल दिया।
छत्तीसगढ़: सुशासन तिहार शिविर में ग्रामीण ने कर दी अनोखी डिमांड, आवेदन देकर प्रशासन से मांगा हवाई जहाज, जानें पूरा मामला

आपने लोगों को सरकारी अधिकारियों से अपना काम समय पर नहीं होने के चलते अपनी नाराजगी जाहिर करने के अलग-अलग तरीक़े देखे होंगे लेकिन हम आपको एक व्यक्ति की नाराजगी जाहिर करने का एक ऐसा तरीका बताने जा रहे हैं जिसे जानकर आप भी चौंक जाएंगे। मामला छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के साजा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गाड़ाडीह का है। यहां सुशासन तिहार शिविर में एक युवक ने ऐसी मांग कर दी कि सुनने वाले दंग रह गए। युवक ने सीधे प्रशासन से हवाई जहाज उपलब्ध कराने की मांग कर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

दरअसल, लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग पूरी नहीं होने से वह परेशान था। ग्रामीण राजकुमार ने लोक निर्माण विभाग (PWD) को दिए अपने आवेदन में अपनी पीड़ा व्यक्त की। उसने लिखा है कि ग्राम गाड़ाडीह से नवकेशा (देवकर) हाई स्कूल तक पहुंचने वाले मार्ग की स्थिति बेहद खराब है। कई बार आवेदन देने के बावजूद इस सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। ऐसे में जब तक सड़क निर्माण को स्वीकृति नहीं मिल जाती और निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक उसे हवाई जहाज उपलब्ध कराया जाए। उसकी यह मांग बरसात के मौसम में कीचड़ और जलभराव से राहत पाने के लिए थी।

सड़क नहीं तो हवाई जहाज ही दे दो: राजकुमार

सुशासन तिहार शिविर में पहुंचे राजकुमार ने बताया कि वह कई वर्षों से इस सड़क के निर्माण की मांग कर रहा है। दर्जनों बार उसने प्रशासन के दरवाज़े खटखटाए, आवेदन दिए, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। राजकुमार का कहना था कि आवेदन देते-देते उसकी चप्पलें घिस गईं, लेकिन सड़क नहीं बनी। उसने सीधे शब्दों में कहा कि जब सड़क नहीं बन रही है तो उसे हवाई जहाज ही दे दिया जाए, ताकि आने-जाने की उसकी परेशानी खत्म हो जाए।

ग्रामीणों के मुताबिक, यह मार्ग सिर्फ राजकुमार के लिए ही नहीं, बल्कि छात्र-छात्राओं और अन्य ग्रामीणों के लिए भी बड़ी समस्या है। जिस रास्ते से बच्चे स्कूल जाते हैं और ग्रामीण रोजाना आवागमन करते हैं, वह बरसात में कीचड़ और पानी से लबालब भर जाता है। इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बारिश का मौसम अब नजदीक आ चुका है, लेकिन सड़क का निर्माण अब तक नहीं हो पाया है, जिससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।

कहां का है यह मामला?

यह अनोखा मामला साजा विधानसभा के ग्राम गाड़ाडीह में आयोजित सुशासन तिहार शिविर का था। इस शिविर में स्थानीय विधायक ईश्वर साहू भी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर प्रशासन के समक्ष पहुंचे थे, लेकिन राजकुमार के हवाई जहाज की मांग वाले आवेदन ने पूरे कार्यक्रम में चर्चा का केंद्र बना लिया। राजकुमार का कहना है कि हवाई जहाज की उसकी मांग भले ही प्रतीकात्मक हो, लेकिन इसके पीछे वर्षों से लंबित सड़क निर्माण की गंभीर समस्या छिपी हुई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस अनोखे आवेदन को किस नजर से देखता है और ग्रामीणों की वर्षों पुरानी सड़क निर्माण की मांग पर क्या कार्रवाई करता है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews