Hindi News

बीजेपी सदस्यता अभियान में लक्ष्य पार करने वालों का सम्मान, सीएम साय को मिला ‘सदस्यता रत्न’ सम्मान

Written by:Saurabh Singh
Published:
सीएम साय ने बताया कि तीन महीने तक चले इस अभियान को संगठन महापर्व के रूप में मनाया गया। प्रदेश प्रभारी अनुराग सिंहदेव और सक्रिय सदस्यता अभियान के प्रभारी संजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में पूरे राज्य में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक चला।
बीजेपी सदस्यता अभियान में लक्ष्य पार करने वालों का सम्मान, सीएम साय को मिला ‘सदस्यता रत्न’ सम्मान

छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान ने तय लक्ष्यों को पार कर लिया है। इस उपलब्धि के लिए शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में ‘संगठन महापर्व: सदस्यता अभियान’ कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस मौके पर उन कार्यकर्ताओं और नेताओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने निर्धारित समय सीमा के भीतर सदस्यता अभियान के लक्ष्य पूरे किए।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुद मंच से कार्यकर्ताओं की मेहनत को सराहा। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव और उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा

“छत्तीसगढ़ भाजपा के सदस्यता अभियान में हमें जो बड़ी सफलता मिली है, वह गौरव का विषय है। पार्टी के समर्पित और परिश्रमी कार्यकर्ताओं के प्रयासों का यह परिणाम है।”

सीएम साय ने बताया कि तीन महीने तक चले इस अभियान को संगठन महापर्व के रूप में मनाया गया। प्रदेश प्रभारी अनुराग सिंहदेव और सक्रिय सदस्यता अभियान के प्रभारी संजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में पूरे राज्य में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक चला।

65 हजार सक्रिय सदस्य

मुख्यमंत्री ने बताया कि पार्टी ने 60 लाख प्राथमिक और 65 हजार सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया था, जिसे संगठन के सभी स्तरों पर पूरी निष्ठा से हासिल कर लिया गया है। उन्होंने कहा

“अब कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं मतदाताओं तक पहुंचें। हर कार्यकर्ता जनसंपर्क का माध्यम बने।”

इन नेताओं को मिला सम्मान

सदस्यता अभियान में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कुछ प्रमुख नेताओं को ‘सदस्यता रत्न’ सम्मान से नवाजा गया। इनमें शामिल हैं:

  • वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन
  • सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज
  • पंडरिया विधायक भावना वोहरा
  • बिलासपुर सांसद और केंद्रीय मंत्री तोखन साहू
  • कुरूद विधायक अजय चंद्राकर

सीएम को भी मिला सम्मान

इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को भी ‘सदस्यता रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया। 10 हजार से ज्यादा सदस्य जोड़ने वाले नेताओं को यह पुरस्कार दिया गया। सीएम साय को यह सम्मान क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने प्रदान किया।

कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक एकता और बूथ स्तर तक मजबूती को लेकर भी विशेष जोर दिया गया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों के लिए अभी से तैयारी में जुट जाने की अपील की।

Saurabh Singh
लेखक के बारे में
राजनीति में गहरी रुचि. खबरों के विश्लेषण में तेज और राजनीतिक परिस्थितियों की समझ रखते हैं. देश-दुनिया की घटनाओं पर बारीक नजर और फिर उसे खबरों के रूप में लिखने के शौकीन हैं. View all posts by Saurabh Singh
Follow Us :GoogleNews