
छत्तीसगढ़ में आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। यह बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी, जिसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा और बड़े फैसलों की संभावना है। मुख्यमंत्री के 21 अगस्त से शुरू होने वाले विदेश दौरे से पहले यह बैठक विशेष महत्व रखती है।
बैठक में किसानों और उद्योगों से जुड़े मुद्दों पर बड़े निर्णय लिए जा सकते हैं। इसके अलावा, मंत्रिमंडल विस्तार पर भी चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। यह बैठक राज्य के विकास और प्रशासनिक नीतियों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाने का मंच साबित हो सकती है।
डीएमएफ फंड का 70% हिस्सा अब केवल पेयजल
पिछली कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे, जिनमें छत्तीसगढ़ जिला खनिज संस्थान न्यास नियम, 2015 में संशोधन शामिल था। इसके तहत डीएमएफ फंड का 70% हिस्सा अब केवल पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण जैसे जनहित कार्यों पर खर्च होगा। साथ ही, साधारण रेत के उत्खनन और परिवहन में पारदर्शिता लाने के लिए ‘छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत (उत्खनन एवं व्यवसाय) नियम-2025’ को मंजूरी दी गई थी, जिसके तहत खदानों का आवंटन अब ई-नीलामी के जरिए होगा।
नवा रायपुर में क्रिकेट अकादमी होगी स्थापित
पिछली बैठक में कृषि भूमि मूल्यांकन में भी बड़ा बदलाव किया गया, जिसमें 500 वर्गमीटर की दर को समाप्त कर पूरी जमीन का मूल्यांकन हेक्टेयर दर से करने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त, छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को नवा रायपुर में क्रिकेट अकादमी स्थापित करने के लिए 7.96 एकड़ जमीन आवंटित की गई थी। आज की बैठक में भी इसी तरह के विकासोन्मुखी और जनहितकारी फैसलों की उम्मीद की जा रही है।
