छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ में तेज रफ्तार यात्री बस पेड़ से टकराई, हादसे में 6 लोगों की मौत और कई घायल, सीएम ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में गुरुवार को एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में 6 लोगों की मौत और कई लोग घायल हुये हैं। सीएम विष्णुदेव साय ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुये मुआवजे की घो​षणा की है।
CG Accident News

छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) में गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया है। केल्हारी थाना क्षेत्र के सेमरमथानी मोड़ के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और कई घायल हो गये हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है।

मिली जानकारी के मुताबिक, बस मनेंद्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही थी। बस में 45 से अधिक यात्री सवार थे। इसी दौरान सेमरमथानी मोड़ के पास चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि छह यात्रियों की जान चली गई और करीब 40 यात्री घायल हुये हैं। ड्राइवर समेत 15 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा इतना भीषण था कि, बस के परखच्चे उड़ गये हैं।

हादसे के बाद सड़क पर राहगीरों एवं स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। तत्काल ही पुलिस को हादसे की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया। इसके साथ ही शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा। पुसिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

हादसे पर सीएम ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

इस भीषण हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुख जताया है और मुआवजे का ऐलान किया है। सीएम साय ने कहा कि मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर हुई भीषण बस दुर्घटना में 6 लोगों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। इस हृदयविदारक घटना में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि घायलों का सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ एवं जिला अस्पताल चिरमिरी में उपचार जारी है, जबकि गंभीर रूप से घायल 2 यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। घायलों के इलाज के लिए जिला प्रशासन को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews
छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ में तेज रफ्तार यात्री बस पेड़ से टकराई, हादसे में 6 लोगों की मौत और कई घायल, सीएम ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान - MP Breaking News