
मध्यप्रदेश में अवैध हथियारों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अभियान चलाकर अवैध हथियारों की बरामदगी के साथ तस्करों के खिलाफ सख्त कदम उठाये जा रहे हैं। इसी बीच, खरगोन में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुये अवैध हथियारों को बरामद कर चार आरोपियों को दबोचा है।
बता दें कि खरगोन में पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही उनके पास से 14 देशी पिस्टल और 5 मैगजीन जब्त की गई हैं। जब्त किये गये हथियारों की अनुमानित कीमत करीब 4.10 लाख रुपये बताई गई है। इसके साथ ही पुलिस ने कार और मोबाइल फोन पर भी जब्त किये हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की नाकाबंदी
जानकारी अनुसार, पुलिस अधीक्षक रविंद्र वर्मा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की कार (MP09BH6349), जिसमें सांवरिया सेठ लिखा है, उसमें चार लोग अवैध हथियार लेकर खंडवा से गंधवानी की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही एसपी ने पुलिस की टीम को सक्रिय किया एवं नाकाबंदी के निर्देश दे दिये।
एसपी के निर्देश के बाद पुलिस की टीम ने कसरावद रोड पर नाकाबंदी की और संदिग्ध कार को रोककर कार सवारों को दबोच लिया। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो कार में 14 देशी पिस्टल और 5 मैगजीन मिलीं। आरोपियों के पास हथियार रखने के कोई वैध दस्तावेज भी मौजूद नहीं थे। इसके बाद पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर सीधे थाने ले आई।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान रोहित गेहलोत, हर्ष राठौर, प्रितेश मौर्य और शिवराम मौर्य के रूप में हुई है। आरोपी शिवराम मौर्य के खिलाफ उज्जैन और धार में पहले से मामले दर्ज हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मेनगांव थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
