
Chhattisgarh Weather :छत्तीसगढ़ में 19-20 मई तक दक्षिणी छत्तीसगढ़ में मेघ गर्जन, वज्रपात, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है।अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है।आज 16 मई को 19 जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।
आज शुक्रवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ तेज हवा (40-50 kmph) चलने की संभावना है। रायपुर में आकाश आंशिक मेघमय रहने तथा गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 41°C और 30°C के आसपास रहने की संभावना है। 2 दिनों के बाद मेघ गर्जन के साथ तेज हवा (30-40 kmph) चलने एवं कहीं कहीं हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
आज इन जिलों ऑरेंज येलो अलर्ट
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर में तेज हवाएं (40-60 किमी/घंटा), गरज-चमक और बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बस्तर, कांकेर, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा और कुछ दूसरे जिलों में भी तेज हवा (30-40 किमी/घंटा) और बारिश के लिए येलो अलर्ट दिया गया है।
वर्तमान में सक्रिय है कई मौसम प्रणालियां
- उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम से उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश तक औसत समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर एक द्रोणिका बनी हुई है।
- एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण, उत्तरी तटीय तमिलनाडु और उसके आसपास के क्षेत्रों में औसत समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर बना हुआ है।
- अगले 3-4 दिनों के दौरान दक्षिण अरब सागर, मालदीव और कोमोरिन क्षेत्र के कुछ और हिस्सों, दक्षिणी बंगाल की खाड़ी, अंडमान द्वीप समूह और अंडमान सागर के शेष हिस्सों और मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
जून में मानसून की दस्तक
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य तिथि से चार दिन पहले ही 27 मई को केरल तट पर दस्तक दे सकता है ,ऐसे में अनुमान है कि 15 जून से पहले छत्तीसगढ़ में भी मानसून की एंट्री हो सकती है। संभावना है कि केरल पहुंचने के बाद मानसून 13 जून को जगदलपुर और 16 जून को रायपुर और 21 जून को अंबिकापुर पहुंच सकता है।फिलहाल अलग अलग स्थानों पर सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से बादल बारिश की स्थिति बनी रहेगी।

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

