छत्तीसगढ़ का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जापान और दक्षिण कोरिया के दौरे पर रवाना, किन -किन औद्योगिक क्षेत्रों पर रहेगा फोकस

वर्ल्ड एक्सपो 2025 में छत्तीसगढ़ पवेलियन के माध्यम से राज्य की अनूठी पहचान, औद्योगिक विकास, नवीकरणीय ऊर्जा और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों को वैश्विक दर्शकों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जापान और दक्षिण कोरिया के दौरे पर रवाना, किन -किन औद्योगिक क्षेत्रों पर रहेगा फोकस

भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) के आमंत्रण पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जापान और दक्षिण कोरिया के आधिकारिक दौरे पर रवाना हुआ। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश के मानचित्र पर एक आकर्षक गंतव्य के रूप में स्थापित करना है। यह दौरा राज्य के औद्योगिक विकास, नवाचार और सतत विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

प्रतिनिधिमंडल 22 से 24 अगस्त तक टोक्यो में जापानी उद्योगपतियों, व्यापार संघों और निवेशकों के साथ इन्वेस्टर कनेक्ट सेशंस और व्यावसायिक बैठकों में हिस्सा लेगा। इसके बाद, 25 से 26 अगस्त को ओसाका में आयोजित वर्ल्ड एक्सपो 2025 में मुख्यमंत्री श्री साय छत्तीसगढ़ के निवेश अवसरों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेंगे। भारत मंडपम के अंतर्गत छत्तीसगढ़ पवेलियन में राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, औद्योगिक प्रगति और भविष्य-उन्मुख क्षेत्रों को प्रदर्शित किया जाएगा।

सियोल में निवेशक संवाद और सेक्टर-विशेष चर्चा

दौरे का अंतिम पड़ाव 27 से 29 अगस्त तक सियोल में होगा, जहां प्रतिनिधिमंडल निवेशक गोलमेज बैठकों, दक्षिण कोरिया की शीर्ष कंपनियों और व्यापार संघों के साथ मुलाकातों में भाग लेगा। इन बैठकों में इस्पात, खनन, स्वच्छ ऊर्जा और स्टार्टअप्स जैसे क्षेत्रों में निवेश और सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी। यह दौरा दीर्घकालिक साझेदारियां स्थापित करने और प्रौद्योगिकी व नवाचार के क्षेत्र में ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने पर केंद्रित होगा।

छत्तीसगढ़ का वैश्विक मंच पर परिवर्तन और आकांक्षा

वर्ल्ड एक्सपो 2025 में छत्तीसगढ़ पवेलियन के माध्यम से राज्य की अनूठी पहचान, औद्योगिक विकास, नवीकरणीय ऊर्जा और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों को वैश्विक दर्शकों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री साय का यह मिशन छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेशकों के लिए एक पसंदीदा गंतव्य बनाने और आर्थिक विकास के नए अवसरों को खोलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews