सीएम विष्णुदेव का हवाई दौरा; बाढ़ प्रभावित इलाकों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत शिविरों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, सुरक्षित आवास, राशन, बर्तन और कपड़ों की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
सीएम विष्णुदेव का हवाई दौरा; बाढ़ प्रभावित इलाकों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर संभाग के बाढ़ प्रभावित दंतेवाड़ा और बस्तर जिलों का हवाई और जमीनी दौरा किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर राहत और पुनर्वास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। सीएम ने कहा कि प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर सहायता पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए प्रशासन को तत्परता और संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा। उन्होंने दंतेवाड़ा के चूड़ीटिकरा पारा में अस्थायी राहत शिविर का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत शिविरों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, सुरक्षित आवास, राशन, बर्तन और कपड़ों की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बाढ़ से हुए फसल नुकसान, पशुधन हानि और अन्य क्षतियों का शीघ्र आकलन कर प्रभावितों को सहायता राशि प्रदान करने के आदेश दिए। साथ ही, क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की त्वरित बहाली के लिए भी निर्देश दिए। सीएम ने स्पष्ट किया कि राहत और पुनर्वास कार्यों में किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रशासन के त्वरित सहयोग पर संतुष्टि

सीएम साय ने बाढ़ से क्षतिग्रस्त एक पुल का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था और पुनर्निर्माण कार्यों की स्थिति का आकलन किया। उन्होंने प्रभावित गांवों में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की विशेष देखभाल और स्वास्थ्य व शिक्षा सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। दंतेवाड़ा में स्वास्थ्य शिविर का दौरा कर उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता, डॉक्टरों की तैनाती और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। प्रभावित परिवारों ने जिला प्रशासन के त्वरित सहयोग पर संतुष्टि जताई।

नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने बाढ़ के बाद उल्टी-दस्त और जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए पेयजल स्रोतों का अनिवार्य क्लोरीनेशन और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरीय प्रशासन विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने को कहा। सीएम ने कहा कि प्रशासनिक तत्परता और जनसहयोग से बाढ़ जैसी आपदाओं का समय पर समाधान संभव है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews