छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में 13 से 15 फरवरी तक शराब दुकानें बंद, कलेक्टर ने जारी किया शुष्क दिवस का आदेश

छत्तीसगढ़ के मैनपाट में तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव 2026 के मद्देनजर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर अजीत वसंत ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु 13, 14 और 15 फरवरी को शुष्क दिवस घोषित किया है, जिसके तहत शराब की बिक्री, परिवहन और परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में 13 से 15 फरवरी तक शराब दुकानें बंद, कलेक्टर ने जारी किया शुष्क दिवस का आदेश

अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के शिमला कहे जाने वाले मैनपाट में होने वाले भव्य ‘मैनपाट महोत्सव’ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। महोत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था और लोक शांति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अजीत वसंत ने 13 से 15 फरवरी तक अंबिकापुर जिले में शुष्क दिवस (Dry Day) घोषित करने का आदेश जारी किया है।

इस आदेश के प्रभाव में आने के बाद तीन दिनों तक शराब की बिक्री, परिवहन और परोसने पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी। यह निर्णय महोत्सव में आने वाले लोगों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण आयोजन को ध्यान में रखकर लिया गया है।

प्रशासन ने जारी किया सख्त आदेश

कलेक्टर द्वारा जारी आदेश छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 24 की उप-धारा (1) के तहत दिया गया है। आदेश में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि मैनपाट के रोपाखार में संचालित एफ एल-1 घघ-कम्पोजिट (कम्पोजिट विदेशी मदिरा दुकान रोपाखार) को इन तीन दिनों के लिए पूर्णतः बंद रखा जाएगा।

प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शुष्क दिवस के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही बरतने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

तीन दिनों तक सजेगी सांस्कृतिक महफिल

जिले के मैनपाट स्थित रोपाखार जलाशय के पास 13 से 15 फरवरी तक तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव में स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर के कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

कार्यक्रम के पहले दिन, 13 फरवरी को, भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार और गायक मनोज तिवारी अपनी प्रस्तुति देंगे। उनके साथ छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी और ओडिशा के हरिपद मोहंता द्वारा छऊ नृत्य का प्रदर्शन भी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगा। महोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक और संगीतमय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews