13 फरवरी से मैनपाट महोत्सव 2026 का शुभारंभ, मुख्यमंत्री साय करेंगे उद्घाटन, दिग्गज कलाकार देंगे प्रस्तुति

छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव का आयोजन 13 से 15 फरवरी तक किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय महोत्सव का शुभारंभ करेंगे, जिसमें बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर और भोजपुरी सुपरस्टार मनोज तिवारी समेत कई बड़े कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। महोत्सव में एडवेंचर गेम्स और स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र होंगे।
Vishnu Deo Sai

मैनपाट: ‘छत्तीसगढ़ का शिमला’ कहे जाने वाले मैनपाट में एक बार फिर सांस्कृतिक धूम मचने को तैयार है। तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव का भव्य आयोजन 13 फरवरी से शुरू हो रहा है, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार दोपहर 1.30 बजे करेंगे। इस साल महोत्सव में बॉलीवुड से लेकर भोजपुरी और छत्तीसगढ़ी लोक संगीत के सितारे अपनी चमक बिखेरेंगे।

मैनपाट के रोपाखार जलाशय के पास महोत्सव स्थल पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरुवार को कलेक्टर अजीत वसंत और एसएसपी राजेश अग्रवाल ने अन्य अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस बार महोत्सव को और भी आकर्षक बनाने के लिए एडवेंचर गेम्स, बोटिंग, और पारंपरिक दंगल जैसे कार्यक्रमों को भी शामिल किया गया है।

सितारों से सजेगी मैनपाट की शाम: जानें पूरा शेड्यूल

यह तीन दिवसीय सांस्कृतिक महाकुंभ संगीत और कला का अद्भुत संगम होगा। उद्घाटन समारोह में पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे, जबकि प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी, मंत्री रामविचार नेताम, श्याम बिहारी जायसवाल, लक्ष्मी राजवाड़े और सांसद चिंतामणि महाराज विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

पहला दिन (13 फरवरी): महोत्सव की पहली शाम भोजपुरी सुपरस्टार और सांसद मनोज तिवारी के नाम होगी। उनके गीतों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी भी अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा, ओडिशा का प्रसिद्ध छऊ नृत्य भी लोक संस्कृति की छटा बिखेरेगा।

दूसरा दिन (14 फरवरी): महोत्सव के दूसरे दिन छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोक गायिका अलका चंद्राकर और ‘इंडियन आइडल’ फेम वैशाली रायकवार अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।

तीसरा दिन (15 फरवरी): समापन दिवस पर महोत्सव का मुख्य आकर्षण बॉलीवुड की मशहूर सिंगर कनिका कपूर होंगी। उनके साथ ही रायगढ़ घराने की कत्थक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव और गायक आयुष नामदेव भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

एडवेंचर, जायका और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच

संगीत और नृत्य के अलावा, मैनपाट महोत्सव में पर्यटकों के मनोरंजन के लिए कई अन्य इंतजाम भी किए गए हैं। यहाँ आने वाले लोग बोटिंग और अन्य साहसिक खेलों का आनंद ले सकेंगे। एक विशेष फूड ज़ोन भी बनाया गया है, जहाँ सरगुजा के पारंपरिक व्यंजनों के साथ-साथ अन्य लजीज पकवानों का स्वाद लिया जा सकेगा।

जिला प्रशासन ने इस बार नामी कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं को भी एक बड़ा मंच देने का फैसला किया है। क्षेत्रीय कलाकारों और स्कूली बच्चों को भी अपनी कला का प्रदर्शन करने का अवसर दिया जाएगा, ताकि सरगुजा की प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिल सके।

समुद्र तल से 3,781 फीट की ऊंचाई पर स्थित मैनपाट अपने बौद्ध मंदिर, टाइगर पॉइंट, मेहता पॉइंट, मछली पॉइंट और अनोखे जलजली जैसे प्राकृतिक आकर्षणों के लिए प्रसिद्ध है। यह स्थान तिब्बती संस्कृति और अद्भुत नजारों के लिए जाना जाता है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews