छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ‘न्यूड पार्टी’ के पोस्टर ने शहर में सनसनी मचा दी है। 21 सितंबर को भाठागांव के एसएस फार्म हाउस में होने वाली इस पार्टी में 18 वर्ष से अधिक उम्र के युवक-युवतियों को बिना कपड़ों के शामिल होने का निमंत्रण दिया गया था। सोशल मीडिया पर इस आयोजन का खुलेआम प्रचार होने के बाद हिंदूवादी संगठनों और स्थानीय लोगों में रोष फैल गया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस को 13 सितंबर को सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से इस आयोजन की जानकारी मिली थी। अपरिचित क्लब के नाम से इंस्टाग्राम पेज बनाकर और विभिन्न प्लेटफार्मों पर प्रचार कर इस पार्टी को रायपुर की सबसे बड़ी ‘स्ट्रेंजर्स हाउस/पूल पार्टी’ के रूप में प्रचारित किया जा रहा था। पुलिस की साइबर विंग और तेलीबांधा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर आयोजकों, फार्म हाउस मालिक और प्रचारकों सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ स्त्री अशिष्ट रूपण प्रतिषेध अधिनियम, आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अश्लीलता को बढ़ावा देने का आरोप
इस मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर अश्लीलता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया, जबकि बीजेपी ने इसे कानून-व्यवस्था का उल्लंघन बताकर कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि ऐसी पार्टियों पर सख्ती जरूरी है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस आयोजन को लेकर तंज कस रहे हैं, कुछ ने इसे फूहड़ता का प्रचार बताया तो कुछ ने मजाक में पास मांगने की बात की।
21 से अधिक युवाओं ने कराया रजिस्ट्रेशन
पुलिस के अनुसार, इस आयोजन में शामिल होने के लिए 21 से अधिक युवाओं ने पंजीयन कराया था और बैंक खातों में रकम भी ट्रांसफर की गई थी। सभी लेन-देन की जांच की जा रही है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि इस तरह के अवैध और अश्लील आयोजनों को बख्शा नहीं जाएगा। यह घटना रायपुर में सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों पर सवाल उठा रही है, क्योंकि भारतीय परिवेश में ऐसी पार्टियों को अस्वीकार्य माना जाता है।





