Hindi News

PM मोदी ने किया छत्तीसगढ़ की नई विधानसभा का उद्घाटन, जनसभा को किया संबोधित, कहा- ‘ये मेरे लिए बहुत ही सुखद दिन’

Written by:Shyam Dwivedi
Published:
आज छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस (Chhattisgarh Foundation Day) की 25वीं वर्षगांठ हैं। जिसे पूरा राज्य रजत महोत्सव (Rajat Mahotsav 2025) के रूप में मना रहा है। 1 नवंबर 2000 को मध्यप्रदेश से अलग होकर छत्तीसगढ़ राज्य बना था। छत्तीसगढ़ में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। आज पीएम मोदी (PM Modi) भी छत्तीसगढ़ दौरे पर है जहां उन्होंने विधानसभा के नवीन भवन का लोकार्पण किया।
PM मोदी ने किया छत्तीसगढ़ की नई विधानसभा का उद्घाटन, जनसभा को किया संबोधित, कहा- ‘ये मेरे लिए बहुत ही सुखद दिन’

आज छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस (Chhattisgarh Foundation Day) की 25वीं वर्षगांठ हैं। जिसे पूरा राज्य रजत महोत्सव (Rajat Mahotsav 2025) के रूप में मना रहा है। राजधानी नया रायपुर में भी भव्य आयोजन किया गया है। राज्य सरकार इस महोत्सव को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए काम कर रही है। रजत महोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) भी शामिल हुए। इस दौरान पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के नवीन भवन का लोकार्पण किया, जिसे ग्रीन बिल्डिंग अवधारणा पर बनाया गया है। इस दौरान विधानसभा के नए भवन में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी (Atal Bihari Vajpayee) की प्रतिमा का अनावरण भी किया।

पीएम मोदी ने छग स्थापना दिवस के मौके पर जनसभा को संबोधित किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा के लिए आज का दिन एक स्वर्णिम शुरुआत का दिन है। मेरे लिए व्यक्तिगत तौर पर ये बहुत ही सुखद और अहम दिन है। मेरा बीते कई दशकों से इस भूमि से बहुत आत्मीय नाता रहा है। एक कार्यकर्ता के रूप में मैंने छत्तीसगढ़ में बहुत समय बिताया, यहां से मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला।

पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ समेत इन राज्यों को दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का दिन बहुत विशेष है। आज हमारा छत्तीसगढ़ अपनी स्थापना के 25 साल पूरे कर रहा है। छत्तीसगढ़ के साथ ही झारखंड और उत्तराखंड के भी 25 वर्ष पूरे हुए हैं। आज देश के और भी कई राज्य अपना स्थापना दिवस मना रहे हैं। मैं इन सभी राज्यों के निवासियों को स्थापना दिवस को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

पीएम मोदी ने किया अटल बिहारी वाजपेयी को याद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज जब हम इस भव्य और आधुनिक विधानसभा का लोकार्पण कर रहे हैं तो ये केवल एक इमारत का समारोह नहीं है बल्कि 25 वर्षों की जन आकांक्षा, जन संघर्ष और जन गौरव का उत्सव बन गया है। मैं उन महापुरुष को नमन करता हूं जिनकी दूरदृष्टि और करुणा ने इस राज्य की स्थापना की। वो महापुरुष हैं, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी। 2000 में जब इस सुंदर राज्य की स्थापना हुआ तो पहली विधानसभा की बैठक राजकुमार कॉलेज रायपुर के जशपुर हॉल में हुई। वो समय सीमित संसाधनों का तो था लेकिन असीम सपनों का था। तब केवल एक भावना थी कि हम अपने भाग्य को और तेजी से उज्जवल बनाएंगे।

नक्सलवाद पर बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि भारत आज नक्सलवाद और माओवादी आतंक को भी समाप्त करने की तरफ बढ़ रहा है। पिछले 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने जो परिवर्तन देखा है वो अद्भुत और प्रेरणादायी है। कभी यह राज्य नक्सलवाद और पिछड़ेपन से पहचाना जाता था। आज वही राज्य समृद्धि, सुरक्षा और स्थायित्व का प्रतीक बन रहा है और इस परिवर्तन के पीछे है छत्तीसगढ़ की जनता का परिश्रम और भाजपा की सरकारों का दूरदर्शी नेतृत्व।

छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम का ननिहाल

छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम का ननिहाल है। भगवान राम इस धरती के भांजे हैं। नए विधानसभा परिसर में श्रीराम के आदर्शों को याद करने का बेहतर दिन है। भगवान राम के आदर्श, हमें सुशासन की सीख देते हैं। अयोध्या में राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के समय हम सभी ने ‘देव से देश’ और ‘राम से राष्ट्र’ का संकल्प लिया था, राम से राष्ट्र का अर्थ है सुशासन और जनकल्याण का राज, इसका अर्थ है ‘सबका साथ-सबका विकास’ की भावना से शासन।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews