दूसरे की डिग्री पर कर रही थी नौकरी, शिकायत के बाद महिला डॉक्टर पुलिस हिरासत में

दूसरे की डिग्री पर कर रही थी नौकरी, शिकायत के बाद महिला डॉक्टर पुलिस हिरासत में

Fake Female Doctor Arrested : छत्तीसगढ़ की सरगुजा पुलिस ने एक फर्जी डॉक्टर का पर्दाफाश किया है। ये महिला एक दूसरी महिला डॉक्टर की डिग्री पर होली क्रास हॉस्पिटल में MBBS चिकित्सक एक रूप में नौकरी कर रही थी, पुलिस ने जब महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने खुद को बीएएमएस डॉक्टर बताया लेकिन वो पुलिस को इसके भी सही दस्तावेज और डिग्री नहीं दिखा पाई।

MMI अस्पताल से चोरी हो गए थे डॉ खुशबू के दस्तावेज 

जानकारी के मुताबिक जिले के लखनपुर में रहने वाली डॉ खुशबू साहू वर्तमान में लहपटरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक के पद पर पदस्थ हैं लेकिन जब मार्च 2021 में वे रायपुर के एमएमआई हॉस्पिटल में चिकित्सक के पद पर ज्वाइन करने गई थी तो उन्होंने वहां पूरे शैक्षणिक दस्तावेज, एमबीबीएस की डिग्री जमा की थी और इसी अस्पताल से उनके सभी डॉक्यूमेंट्स चोरी हो गए थे। घटना की रिपोर्ट थाना टिकरापारा रायपुर में दर्ज कराई गई थी।

एक महिला चोरी कर सीसीटीवी में जाती दिखी थी, नहीं हो पाई थी पहचान 

पुलिस ने जब सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो एक महिला चेहरा बांधे दस्तावेज लेकर जाते दिखी थी लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई थी। अपने ओरिजनल दस्तावेज चोरी हो जाने से डॉ खुशबू दो साल से परेशान थी,  इसी बीच डा खुशबू साहू को जानकारी मिली कि उनके नाम की डिग्री पर एक महिला अंबिकापुर के होलीक्रास अस्पताल में नौकरी कर रही है।

डॉ खुशबू की शिकायत पर पुलिस ने फर्जी महिला डॉक्टर को पकड़ा 

डॉ खुशबू ने खुद पहले इसकी तस्दीक की और जब पुख्ता प्रमाण मिल गए तो उन्होंने पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी दी, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। जब हलचल हुई तो इसकी भनक फर्जी महिला डॉक्टर को भी मिल गई और वह भागने की कोशिश में थी लेकिन वो भाग पाती उससे पहले ही पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

खुद को BAMS डॉक्टर बता रही है महिला, पुलिस को संदेह 

पकड़ी गई महिला का नाम वर्षा वानखेड़े पति रवि बोकडे है वो 27 साल की है। पूछताछ में महिला ने बताया कि वो मूलतः तिल्दा मोरेंगा थाना खरोरा रायपुर की रहने वाली है। वर्तमान में वह गांधीनगर अंबिकापुर में रह रही थी। पुलिस ने बताया कि महिला खुद को बीएएमएस चिकित्सक बता रही है लेकिन उसके इस दावे पर भी संदेह है। पुलिस वर्षा से पूछताछ कर रही है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews