
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से जबलपुर के लिए एक नई तेज़ और सुगम एक्सप्रेस ट्रेन सेवा की शुरुआत हो गई है। शनिवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने रायपुर रेलवे स्टेशन से इस नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह नई रेल सेवा छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र को एक नई कनेक्टिविटी देगी।
कई केंद्रीय मंत्री भी ने वर्चुअली जुड़े
रायपुर में हुए इस समारोह के साथ ही गुजरात के भावनगर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली जुड़े। इस मौके पर रीवा-पुणे (हड़पसर) एक्सप्रेस और भावनगर टर्मिनस-अयोध्या एक्सप्रेस का भी शुभारंभ किया गया।
रेल मंत्री और पीएम का जताया आभार
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की पहल से आज छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात मिली है। उन्होंने बताया कि पिछले एक दशक में छत्तीसगढ़ का रेलवे बजट 21 गुना बढ़ा है और इस साल 6,900 करोड़ रुपए की राशि मिली है। वर्तमान में राज्य में 47,000 करोड़ रुपए से अधिक की रेल परियोजनाएं संचालित हैं।
स्टेशन का होगा कायाकल्प
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत छत्तीसगढ़ के 32 रेलवे स्टेशनों को 680 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक रूप दिया जा रहा है। बस्तर जैसे नक्सल प्रभावित इलाकों में भी रेलवे नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। रावघाट-जगदलपुर रेल परियोजना को लेकर भी उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार जताया।
पर्यटन, व्यापार और शिक्षा को बढ़ावा
सीएम साय ने कहा कि रायपुर-जबलपुर एक्सप्रेस से डोंगरगढ़, भेड़ाघाट, बालाघाट और नैनपुर जैसे पर्यटन व धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान हो सकेगी। इससे क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और शैक्षणिक गतिविधियों को बल मिलेगा। विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इस सेवा को छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के बीच बेहतर कनेक्टिविटी का नया अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि ट्रेन करीब 410 किलोमीटर की दूरी को महज़ 8 घंटे में तय करेगी, जिससे गोंदिया, बालाघाट और जबलपुर जैसे शहरों तक यात्री आसानी से यात्रा कर सकेंगे।
जानिए ट्रेन का टाइम टेबल और रूट
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, गाड़ी संख्या 11701 रायपुर से दोपहर 2:45 बजे चलेगी और रात 10:45 बजे जबलपुर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 11702 जबलपुर से सुबह 6:00 बजे चलेगी और दोपहर 1:50 बजे रायपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 15 कोच होंगे जिनमें एक एसी चेयर कार, चार चेयर कार, आठ सामान्य कोच, एक पावर कार और एक एसएलआरडी कोच शामिल हैं।
यह सेवा नंदनवन जूलॉजिकल पार्क, मां बमलेश्वरी मंदिर, कान्हा नेशनल पार्क, भेड़ाघाट और धुआंधार जलप्रपात जैसे पर्यटन स्थलों तक सीधी और सुविधाजनक पहुंच प्रदान करेगी। साथ ही यह सेवा व्यापारियों, विद्यार्थियों और दैनिक यात्रियों के लिए भी बेहद फायदेमंद साबित होगी।
