छत्तीसगढ़: शिक्षकों-कर्मचारियों को अब छुट्टी के लिए करना होगा ऑनलाइन आवेदन, डीपीआई ने जारी किया ये आदेश

छत्तीसगढ़: शिक्षकों और कर्मचारियों को अब छुट्टी के लिए करना होगा ऑनलाइन आवेदन, ऑफलाइन आवेदन नहीं होगा मान्य, HRMIS पोर्टल से ही होगा अवकाश आवेदन, डीपीआई ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को जारी किए निर्देश
TEACHER NEWS

छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए काम की खबर है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने अवकाश लेने की प्रक्रिया में बदलाव को लेकर एक आदेश जारी किया है। इसके तहत अब अधिकारी, शिक्षक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारी अवकाश के लिए ऑफलाइन आवेदन नहीं दे सकेंगे। इसके लिए उन्हें HRMS पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

23 अक्टूबर को लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अब राज्य में शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए छुट्टी के लिए ऑफलाइन आवेदन देना अमान्य होगा।इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं कि अब अवकाश आवेदन से लेकर उसकी स्वीकृति तक की पूरी प्रक्रिया एचआरएमआईएस पोर्टल ( विभागीय मानव संसाधन प्रबंधन सूचना प्रणाली पोर्टल) के माध्यम से ही पूरी करनी होगी।

बता दें कि विभाग ने जून 2026 में ऑनलाइन आवेदन और अवकाश स्वीकृति की व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए थे लेकिन बावजूद इसके कई जिलों में कर्मचारी ऑफलाइन आवेदन दे रहे थे और अधिकारी भी उन्हें मंजूरी दे रहे थे, इसी के चलते अब डीपीआई ने दोबारा आदेश जारी कर स्पष्ट किया है कि अवकाश के लिए अब केवल ऑनलाइन ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। साथ ही जिला और ब्लॉक स्तर पर भी ऑनलाइन आवेदन स्वीकार होंगे। यह पूरी प्रक्रिया पोर्टल के माध्यम से संचालित होगी। लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि डिजिटल व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराएं और बिना ऑनलाइन प्रविष्टि के किसी भी अवकाश को मंजूरी न दें।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews