ट्रिपलआईटी के निदेशक ओमप्रकाश व्यास ने सीएम साय से की मुलाकात, गोंडी भाषा के लिए ‘आदि वाणी’ एप की दी जानकारी

यह ऐप गोंडी भाषा में टेक्स्ट-टू-स्पीच और अनुवाद प्रणाली से लैस है, जो गोंडी से हिंदी और अंग्रेजी, तथा इसके विपरीत अनुवाद को संभव बनाता है।
ट्रिपलआईटी के निदेशक ओमप्रकाश व्यास ने सीएम साय से की मुलाकात, गोंडी भाषा के लिए ‘आदि वाणी’ एप की दी जानकारी

ट्रिपल आईटी नया रायपुर के निदेशक प्रोफेसर ओमप्रकाश व्यास ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से उनके निवास कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ‘आदि वाणी’ परियोजना के तहत गोंडी भाषा अनुवादक मोबाइल ऐप के सफल लॉन्च के लिए प्रोफेसर व्यास और उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने इस उपलब्धि को छत्तीसगढ़ और पूरे देश के लिए गौरव का विषय बताया। साय ने कहा कि यह ऐप गोंडी भाषी जनजातीय समुदाय को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी आवाज पहुंचाने में मदद करेगा।

यह ऐप गोंडी भाषा में टेक्स्ट-टू-स्पीच और अनुवाद प्रणाली से लैस है, जो गोंडी से हिंदी और अंग्रेजी, तथा इसके विपरीत अनुवाद को संभव बनाता है। प्रोफेसर व्यास ने बताया कि यह सुविधा अब मोबाइल ऐप के रूप में उपलब्ध है, जिससे आम लोग इसे आसानी से उपयोग कर सकते हैं। यह तकनीक शिक्षा, शासन-प्रशासन और मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

‘आदि वाणी’ परियोजना

‘आदि वाणी’ परियोजना भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा समर्थित है, जिसमें ट्रिपल आईटी नया रायपुर के साथ आईआईटी दिल्ली, आईआईटी हैदराबाद और बिट्स पिलानी जैसे संस्थान भी शामिल हैं। प्रोफेसर व्यास ने बताया कि यह परियोजना बस्तर अंचल के 30 लाख से अधिक गोंडी भाषी समुदाय को उनकी भाषा और संस्कृति को डिजिटल युग में संरक्षित करने और सशक्त बनाने का अवसर प्रदान करेगी।

ऐप प्रदेश और देश का गौरव

मुख्यमंत्री साय ने ट्रिपल आईटी नया रायपुर से भविष्य में भी ऐसे नवाचारों और समाजोन्मुखी अनुसंधानों की अपेक्षा जताई, जो प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाएंगे। इस ऐप के जरिए गोंडी भाषी समुदाय की आवाज को वैश्विक स्तर पर पहचान मिलेगी, साथ ही उनकी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में भी मदद मिलेगी।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews