केंद्रीय बजट 2026: मुख्यमंत्री साय ने बताया ‘सबका विकास’ वाला बजट, कहा- छत्तीसगढ़ को मिलेगी नई गति

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय बजट की सराहना की है। उन्होंने कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा और महिलाओं समेत सभी वर्गों के लिए लाभकारी है और इससे राज्य के विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
CM Vishnu Deo Sai

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए केंद्रीय बजट को दूरदर्शी और समावेशी बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और मध्यम वर्ग के सपनों को साकार करने वाला है, जिससे छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को सीधा लाभ मिलेगा और विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने इस बजट को ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’ की भावना को मजबूत करने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में समावेशी विकास सुनिश्चित करेगा।

कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर जोर

सीएम साय ने कहा कि बजट में किसानों की आय बढ़ाने के लिए ठोस प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल से कृषि उत्पादकता बढ़ाने की योजना है। इसके अलावा, पशुपालन और डेयरी सेक्टर को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल के तहत स्थानीय उद्योगों और हस्तशिल्प को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

युवाओं और महिलाओं के लिए नई उम्मीदें

बजट को युवाओं के लिए उम्मीदों से भरा बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप, MSME, मैन्युफैक्चरिंग और पर्यटन क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा मिलने से न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि युवाओं को अपने ही क्षेत्र में काम मिलेगा। महिला सशक्तिकरण पर उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना के विस्तार और क्रेडिट-लिंक्ड सहायता से महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगी। साथ ही, हर जिले में बालिकाओं के लिए छात्रावास निर्माण की घोषणा से उनकी उच्च शिक्षा की राह आसान होगी।

स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर को मिली नई दिशा

स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए किए गए प्रावधानों को सीएम साय ने ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि बायोफार्मा सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान कैंसर और डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों की दवाइयों को सस्ता बनाएगा। जिला अस्पतालों के उन्नयन, हर जिले में इमरजेंसी-ट्रॉमा सेंटर की स्थापना और मेडिकल टूरिज्म के लिए पांच क्षेत्रीय हब बनाने की योजना से स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ रोजगार भी बढ़ेगा।

इसके अलावा, देश में हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, नए जलमार्ग, टेक्सटाइल पार्क और खनिज कॉरिडोर की घोषणाओं से आर्थिक मजबूती को बढ़ावा मिलेगा। सेमीकंडक्टर मिशन के लिए बड़ा निवेश औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा।

आम आदमी को टैक्स में राहत

कर सुधारों पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आयकर प्रक्रिया को सरल बनाने से छोटे करदाताओं को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने बताया कि दवाइयों, कपड़ों, जूतों, मोबाइल, EV बैटरी, सोलर उपकरण, बायोगैस और CNG जैसी रोजमर्रा की वस्तुओं के सस्ते होने से आम जनता को सीधा लाभ पहुंचेगा।

अंत में, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की जनता की ओर से इस प्रगतिशील बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews