कांग्रेस विधायक का धमकी भरा वीडियो वायरल

कांग्रेस विधायक का धमकी भरा वीडियो वायरल

छिंदवाड़ा। कांग्रेस विधायक विजय चौरे का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तरफ उंगली उठाने वाले बीजेपी नेताओं की खाल खींचने की धमकी दी है। विजय चौरे छिंदवाड़ा जिले के सौंसर से कांग्रेस के विधायक हैं जहां पिछले दिनों शिवाजी की प्रतिमा को लेकर हुए विवाद के दौरान राजनीतिक तनातनी हो गई थी और खुद पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जाकर वहां पर मोर्चा संभाला था।

इस मुद्दे को लेकर छिंदवाड़ा के सांसद नकुल नाथ और शिवराज सिंह चौहान के बीच ट्विटर वार भी हुआ था।विधायक चौरे ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता कोई गलत काम नहीं करते और किसी भी प्रकार के गलत कामों में उनका हाथ भी नहीं, इसीलिए वह किसी से डरते भी नहीं है। यह वीडियो विजय चौरे के निवास का बताया जा रहा है जहां पर शिवाजी प्रतिमा विवाद के बाद उन्होंने एक बैठक का आयोजन किया था और वहीं पर उन्होंने बीजेपी के नेताओं को इस तरह की धमकी दी थी।

इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।  वीडियो में विधायक चौरे बोल रहे हैं बीजेपी के लोगों, जिस दिन कांग्रेस के किसी कार्यकर्ता पर उंगली उठाने का प्रयास करे, उसके बाल को हाथ लगाने का प्रयास करे, इस मंच से सार्वजनिक रूप से कहता हूं, हम उसकी खाल नोचने में कसर नहीं छोड़ेंगे। बीजेपी के लोगों हम हर चीज के लिए तैयार हैं। हम कांग्रेस के लोग हैं। हम बेईमानी, चोरी, लूट-घसोट, जुआ-शराब और अवैध कारोबार में हम लिप्त नहीं हैं। ये सारे काम आप करोगे और बदनाम कांग्रेस को करोगे। कांग्रेस का कोई भी माई का लाल ये बर्दाश्त नहीं करेगा, ये ध्यान में रखना।

वीडियो में आगे कहते सुनाई दे रहे है एक साल हुआ कांग्रेस की सरकार बने और कमलनाथ को मुख्यमंत्री बने। उस एक साल में कांग्रेस की कई उपलब्धियां हैं। विधायक, सांसद, प्रदेश के मुख्यमंत्री और सरकार के खिलाफ बोलने का उनके पास कोई मुद्दा नहीं है। एक साल की उपलब्धियां आप सब और कार्यकर्ताओं के सामने है।  किसी न किसी प्रकार से सौहार्द्रपूर्ण और शांतिपूर्ण अवसर और माहौल को खराब करने का काम भारतीय जनता पार्टी के लोगों ने पांच-सात दिनों में किया। काफी हद तक उन्होंने बदनाम करने की कोशिश की। कांग्रेस के विधायक, सांसद और मुख्यमंत्री-सरकार को घेरने का काम किया।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews